Birth Death Certificate Rules: अब 21 दिन के भीतर ही बनवा लें जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वरना देना होगा जुर्माना
गृह मंत्रालय ने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में बदलाव किया है, जो 1 अक्टूबर, 2026 से लागू हो गया है। नए नियमों के तहत आवेदन की समयावधि के अनुसार शुल्क, दस्तावेज और निर्गत करने वाले अधिकारी तय किए गए हैं।

अब 21 दिन के भीतर ही बनवा लें जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वरना देना होगा जुर्माना (AI Generated Image)
HighLights
21 दिनों के भीतर स्थानीय रजिस्ट्रार जारी करेंगे प्रमाण पत्र।
21 से 30 दिन पर 10 रुपये विलंब शुल्क लगेगा।
एक साल बाद दंडाधिकारी या कोर्ट से प्रमाण पत्र मिलेगा।
संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। गृह मंत्रालय के पंजीकरण एवं नागरिक उद्यम विभाग द्वारा जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र (Birth Death Certificate Rules) बनाने की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है, जिसे 1 अक्तूबर, 2026 से लागू कर दिया गया है।
संयुक्त सचिव द्वारा जारी इस नई अधिसूचना के तहत अब आवेदन की समयावधि के अनुसार अलग-अलग शुल्क, दस्तावेज और निर्गत करने वाले अधिकारी तय किए गए हैं।
30 दिन से एक वर्ष तक के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया
नए नियमों के अनुसार, नवजात शिशु के जन्म से 21 दिनों के भीतर सामान्य प्रक्रिया के तहत नगर निगम या ग्राम पंचायत स्तर के स्थानीय रजिस्ट्रार प्रमाण पत्र जारी करेंगे। इसके लिए साक्ष्य के तौर पर अस्पताल की पर्ची और माता-पिता का आधार संलग्न करना अनिवार्य होगा।
वहीं, 21 से 30 दिनों के भीतर प्रमाण पत्र बनवाने के लिए 10 रुपये विलंब शुल्क (लेट फीस), माता-पिता का आधार, गवाहों का वोटर कार्ड और शपथ पत्र जमा करना होगा, जिसके बाद स्थानीय रजिस्ट्रार प्रमाण पत्र निर्गत करेंगे।
इसी प्रकार, 30 दिन से एक साल के अंदर पंजीयन कराने के लिए विलंब का कारण दर्शाते हुए लिखित अनुमति लेनी होगी और साक्ष्य व आवेदन पत्र के साथ पांच रुपये शुल्क जमा करना होगा। इस अवधि के प्रमाण पत्र जिला रजिस्ट्रार या अतिरिक्त रजिस्ट्रार द्वारा जारी किए जाएंगे।
एक वर्ष से अधिक देरी पर दंडाधिकारी व कोर्ट की भूमिका
नए प्रविधान के तहत एक साल से दो साल तक की अवधि के जन्म-मृत्यु पंजीयन प्रमाण पत्र जिलाधिकारी कार्यालय में सभी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद जिलाधिकारी द्वारा अधिकृत कार्यपालक दंडाधिकारी के स्तर से जारी होंगे।
दूसरी ओर, दो साल के बाद पंजीकरण कराने के लिए जन्म या मृत्यु के साक्ष्य और दो गवाहों के आधार पर वकील के माध्यम से कोर्ट में याचिका दायर करनी होगी। इसके बाद न्यायिक आदेश पर प्रथम श्रेणी के न्यायिक दंडाधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र निर्गत किया जाएगा।