विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्सर में पुलिस कंट्रोल सेंटर के पास मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी, शटर तोड़ 40 लाख की संपत्ति पार

Published: Wed, 21 Oct 2026 04:02 PM (IST)

बक्सर के डुमरांव में एक मोबाइल दुकान से चोरों ने शटर तोड़कर लगभग 40 लाख रुपये के आईफोन, महंगे मोबाइल और नकदी चुरा ली।

मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी

मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी

HighLights

  1. डुमरांव में मोबाइल दुकान से 40 लाख रुपये के सामान की चोरी।

  2. पुलिस कंट्रोल सेंटर से मात्र 150 मीटर दूर हुई वारदात।

  3. चोरों ने शटर तोड़कर आईफोन और नकदी पर हाथ साफ किया।

संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। स्टेशन रोड स्थित चर्चित मोबाइल सेंटर का शटर तोड़कर चोरों ने सोमवार देर रात दर्जनों आईफोन समेत अन्य महंगे मोबाइल और करीब तीन लाख रुपये नकद चुरा लिए। पीड़ित दुकानदार दीपक कुमार के अनुसार कुल चोरी लगभग 40 लाख रुपये की आंकी गई है। 

यह वारदात दशहरा मेले की निगरानी के लिए बनाए गए पुलिस कंट्रोल सेंटर से महज 150 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे स्थानीय कारोबारियों में हड़कंप है और बाजार की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

रात करीब ढाई बजे वारदात को अंजाम

दुकान के सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, रात करीब ढाई बजे के बाद एक नकाबपोश चोर शटर उठाकर अंदर दाखिल हुआ। उसने डिब्बों से महंगे मोबाइल निकालकर थैले में भरे और स्क्रू ड्राइवर से कैश काउंटर खोलकर नकदी निकाल ली। 

आशंका जताई जा रही है कि वारदात के दौरान उसके साथी बाहर निगरानी कर रहे थे। बैंक बंद होने के कारण दो दिनों की बिक्री के करीब तीन लाख रुपये नकद दुकान में ही रखे थे। खाली डिब्बों के मिलान के बाद कुल नुकसान का आकलन किया गया। 

सीसीटीवी के जरिए चोरों की पहचान शुरू

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ पहुंचे और फुटेज के जरिए चोरों की पहचान शुरू की। थानाध्यक्ष ने मामले के जल्द उद्भेदन का दावा किया है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज होने की आधिकारिक सूचना नहीं थी।

यह भी पढ़ें- बक्सर में छत की सेंट्रिंग टूटने से काजीपुर के सरपंच की मौत, दो मजदूर गंभीर रूप से घायल