बक्सर में छत की सेंट्रिंग टूटने से काजीपुर के सरपंच की मौत, दो मजदूर गंभीर रूप से घायल
डुमरांव में मकान निर्माण के दौरान छत की सेंट्रिंग गिरने से काजीपुर के सरपंच सुरेंद्र प्रजापति की मौत हो गई। ...और पढ़ें

नीचे गिरने से मौत
संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। नया भोजपुर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर की गली नंबर दो में मंगलवार की शाम मकान निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। छज्जे की सेंट्रिंग अचानक टूटने से काजीपुर पंचायत के सरपंच सुरेंद्र प्रजापति समेत तीन लोग नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने के बाद सुरेंद्र प्रजापति की मौत हो गई।
हादसे में घायल दोनों मजदूरों की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। सरपंच की मौत की खबर से पंचायत और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
रिश्तेदार के मकान में चल रहा था निर्माण कार्य
मिली जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर की गली नंबर दो में अभयानंद प्रजापति के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। पेशे से ठेकेदार सुरेंद्र प्रजापति घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर दूसरे स्थान पर निर्माण कार्य करा रहे थे।
रिश्तेदारी होने के कारण वह अभयानंद प्रजापति के निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे थे। वहां छज्जे की सेंट्रिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान वह मिस्त्रियों और मजदूरों को निर्माण कार्य से जुड़े सुझाव दे रहे थे।
अचानक टूटी सेंट्रिंग, तीनों नीचे गिरे
निर्माण कार्य के दौरान अचानक छज्जे की सेंट्रिंग टूट गई। इसकी चपेट में आने से सुरेंद्र प्रजापति और वहां काम कर रहे दो मजदूर नीचे गिर पड़े।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुई घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तत्काल घायलों की मदद के लिए पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
प्राथमिक उपचार के बाद किया गया रेफर
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को डुमरांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
हालांकि, हायर सेंटर पहुंचने के बाद सुरेंद्र प्रजापति ने दम तोड़ दिया। वहीं, दोनों घायल मजदूरों का इलाज जारी है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सरपंच की मौत से पंचायत में शोक
काजीपुर पंचायत के सरपंच सुरेंद्र प्रजापति की अचानक मौत से उनके स्वजन और परिचितों में शोक व्याप्त है। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र के लोगों में दुख का माहौल बन गया। एक निर्माणाधीन मकान में हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
