बक्सर में हड्डी के ऑपरेशन के बाद टीचर की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप; क्लीनिक में भारी हंगामा
बक्सर के कोइरपुरवा मोहल्ले में एक निजी क्लीनिक में हड्डी के ऑपरेशन के बाद एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया।

अस्पताल पहुंची पुलिस। (जागरण)
HighLights
बक्सर में हड्डी के ऑपरेशन के बाद युवक हरिओम की मौत।
परिजनों ने डॉक्टर महेंद्र प्रसाद पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।
निजी क्लीनिक में हंगामा, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
जागरण संवाददाता, बक्सर। नगर थाना क्षेत्र के कोइरपुरवा मोहल्ले स्थित क्लीनिक में रविवार को हड्डी के आपरेशन के बाद एक युवक की मौत को लेकर जमकर हंगामा हुआ।
मृतक की पहचान कोइरपुरवा निवासी हरिओम के रूप में हुई है। वह चंडिका प्रेस के संचालक थे और महदह स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत बताए गए हैं।
परिवार ने हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र प्रसाद पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हड्डी के आपरेशन के बाद हरिओम की मौत हो गई।
इसके बाद आक्रोशित स्वजन अस्पताल पहुंचे और चिकित्सक के खिलाफ हंगामा करने लगे। इस दौरान अस्पताल में काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
हंगामे के दौरान डॉ. महेंद्र प्रसाद को भी चोट लगने की सूचना है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उन्हें सुरक्षा प्रदान करते हुए मौके से बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय और नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिवार ने ऑपरेशन के बाद युवक की मौत होने का आरोप लगाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत किस कारण हुई और इलाज में लापरवाही का आरोप सही है या नहीं, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
