Bihar Politics: 'लालू यादव ने बिहारी शब्द को गाली बना दिया', ये क्या बोल गए डिप्टी CM विजय सिन्हा; मचेगा सियासी बवाल!
बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बक्सर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए लालू और तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू-राबड़ी जब मुख्यमंत्री थे तो किसी को आरक्षण नहीं दिया। बेटा क्रिकेट नहीं खेल पाया तो उसे डिप्टी सीएम बना दिया। अब टूरिस्ट बेटी को चुनाव में उतार दिए हैं।

जागरण संवाददाता, बक्सर। बक्सर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और सम्राट चौधरी ने लालू और तेजस्वी पर जमकर हमला बोला।
लालू यादव पर कटाक्ष करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि लालू यादव ने बिहारी शब्द को कलंकित कर दिया है, उसे गाली बना दिया। तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि उन्होंने कोई बहाली नहीं की है। शिक्षक बहाली की फाइल पर उनके मंत्री का हस्ताक्षर तक नहीं है।
विजय सिन्हा ने आगे कहा कि बक्सर में मिथिलेश तिवारी को टिकट देकर पार्टी ने एक कार्यकर्ता को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सांसद बनाने के लिए नहीं है, यह चुनाव बिहार को बनाने के लिए है, जंगलराज की विदाई तय करने के लिए है।
तेजस्वी-राहुल पर सम्राट चौधरी का अटैक
वहीं, सम्राट चौधरी ने तेजस्वी और राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि वो आएंगे और कहेंगे आरक्षण खत्म हो रहा है। संविधान खतरे में है, लेकिन इनके झांसे में नहीं आना। भारत को श्रेष्ठ भारत बनाना है और यह काम सिर्फ पीएम मोदी ही कर सकते हैं।
लालू-राबड़ी पर भी किया कटाक्ष
सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि लालू-राबड़ी जब मुख्यमंत्री थे तो, किसी को आरक्षण नहीं दिया। बेटा क्रिकेट नहीं खेल पाया, तो उसे डिप्टी सीएम बना दिया। अब टूरिस्ट बेटी को चुनाव में उतार दिए हैं। तब इनका परिवार भी बिहार से पलायन कर गया था, अब वे भी लौट रहे हैं।
सोने की चिड़िया नहीं, सोने का शेर बनेगा भारत: सम्राट
सम्राट ने कहा कि पहले हम 12वें स्थान पर थे। आज पांचवें स्थान पर आ गए हैं। मोदी जी पीएम बनेंगे, तो भारत को तीसरे स्थान पर लेकर आएंगे। वह आज सोने की चिड़िया नहीं, सोने का शेर बना रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या को जिस तरह से विकसित किया गया है, उसी तरह बक्सर का विकास किया जाएगा।
आपका एक-एक वोट...: मंगल पांडेय
मंगल पांडेय ने कार्यक्रम को भोजपुरी में संबोधित किया। मंगल पांडेय ने कहा कि यह चुनाव पीएम का चुनाव का है। एक-एक वोट यह तय करेगा कि कौन पीएम बनेगा। आज का दिन संकल्प लेने का दिन है। आज देश को मजबूत पीएम की जरूरत है।
श्रवण ने पूछा- 2005 से पहले बिहार क्या था?
श्रवण कुमार ने कहा कि हमने जो काम किया है वह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने सवाल किया 2005 से पहले बिहार क्या था? आज हरा भरा बिहार है। हम बिहार को आत्मनिर्भर बना रहे हैं। हर क्षेत्र में विकास हुआ है। सभी का ख्याल रखा गया है।
ये लोग भी रहे मौजूद
कार्यक्रम को ऋतुराज सिन्हा, हरि साहनी, तारकिशोर प्रसाद, पूर्व सांसद मीना सिंह, जीवन कुमार, संतोष निराला समेत अन्य लोगों ने संबोधित किया।
इस मौके पर अवधेश नारायण सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, अखिलेश सिंह, जयकुमार सिंह, दिलीप जायसवाल, अमरेंद्र पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: PM Modi: ...तो इसलिए पटना में डेरा डाल रहे मोदी, खेल बिगाड़ने में लगे इक्का-दुक्का बागी!
Chirag Paswan: 'तेजस्वी में दिख रही बौखलाहट', हाजीपुर में गरजे चिराग; कुशवाहा समाज पर भी की टिप्पणी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।