जिले में महिला अल्पावास गृह को मिली मंजूरी
जिले में अल्पावास गृह का संचालन जल्द ही शुरू होगा।
बक्सर। जिले में अल्पावास गृह का संचालन जल्द ही शुरू होगा। इसका संचालन महिला विकास निगम से अनुमोदन के बाद शुरू होगा। जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा की अध्यक्षता में गठित चयन समिति ने इसके लिए मोनालिसा प्रशिक्षण एवं कल्याण केंद्र का चयन किया है। जिलाधिकारी ने बताया कि चयनित सूची को अनुमोदन के लिए महिला विकास निगम को भेजा गया है। वहां से अनुमोदन होने के पश्चात अल्पावास गृह का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। अल्पावास गृह शुरू होने के बाद लाचार और बेसहारा महिलाओं को रखने में समस्या नहीं आएगी।
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि महिला विकास निगम द्वारा निर्गत मार्गदर्शिका के आलोक में योग्य संस्था के चयन के लिए प्राप्त आवेदनों में से दो चरणों में चयन का कार्य पूर्ण किया गया। प्रथम चरण में आए आवेदनों की तकनीकी समीक्षा की गई। जिसमें संस्था के द्वारा समर्पित दस्तावेजों की जांच की गई तथा द्वितीय चरण में निर्धारित अंक के अनुसार संस्था का मूल्यांकन करते हुए चयन के कार्य को पूरा किया गया। इस दौरान सभी उपस्थित सदस्यों तथा संस्था के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिलाधिकारी के समक्ष कुल छह आवेदन पत्रों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रथम चरण की तकनीकी समीक्षा में छह संस्थाओं में दो के आवेदन छंट गए। वहीं, शेष चार का मूल्यांकन अंक के आधार पर किया गया। जिसमें मोनालिसा प्रशिक्षण एवं कल्याण केंद्र को सर्वाधिक 32 अंक प्राप्त हुए। इस तरह चयन समिति ने सर्वाधिक अंक के आधार पर मोनालिसा प्रशिक्षण एवं कल्याण केन्द्र का चयन अल्पावास गृह के संचालन के लिए किया और उसको अनुमोदन के लिए महिला विकास निगम को भेज दिया। अब वहां से अनुमोदन होकर आने के बाद अल्पावास गृह का संचालन जिले में प्रारंभ किया जाएगा।