नव वर्ष पर प्रकृति के आंगन में गुनगुनी धूप से हुआ उम्मीदों का सवेरा
बक्सर प्रकृति के आंगन को गुनगुनी धूप ने शुक्रवार को रंग व उमंग दी। लोगों ने भी मौसम के इस
बक्सर : प्रकृति के आंगन को गुनगुनी धूप ने शुक्रवार को रंग व उमंग दी। लोगों ने भी मौसम के इस सुहाने पल को पूरी तन्मयता से भुनाया। वरना, बूढ़े हो चले उम्र की दहलीज पर 2020 ने कोरोना बीमारी की जो दहशत दी उसमें तो तौबा-तौबा की ही रट बन चुकी थी। हालांकि, पूरी तरह से कोरोना के काले बादल अभी छंटे नहीं है। परन्तु, कोरोना का टीका जल्द ही आने की उम्मीद में नए वर्ष 2021 में खिली धूप का सबेरा लोगों के तन बदन पर प्यार का रंग बिखेर गई।
वैसे ठंड की ठिठुरन अभी तक बहुत सताने वाली इस बार नहीं पड़ी है। यह अलग बात है कि पछुआ की हवा अल सुबह ठिठुरन का अहसास करा रही थी। जिससे न्यूनतम तापमान में भी लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आते दर्ज की गई। कृषि विज्ञान केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार लघु माप केंद्र, कुकुढा में आज शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, समय से सूर्योदय होने के कारण नववर्ष के उमंग में मौसम तनिक भी बाधक नहीं बना। - ईश्वर आराधना से की लोगों ने दिन की शुरुआत नववर्ष की शुरुआत लोगों ने ईश्वर की आराधना से की। बाजार समिति रोड के ईश्वर चंद शर्मा बता रहे थे की वो आज सुबह जल्दी से उठे और नई ऊर्जा के साथ नित्य कार्य में मन लगाए। आदर्श नगर के धर्मेंद्र पांडेय, नया बाजार के रेणु पाठक, पीपी रोड के संजय कुमार, आशुतोष सिंह आदि ने कहा कि नए वर्ष पर मौसम का मिजाज भी जैसे नई ऊर्जा, उत्साह, उमंग और उल्लास भरने को आतुर रहा हो। क्योंकि, धूप तो कई दिनों से धरा को चूम रही थी पर आज सूर्य का तेज और दिनों की अपेक्षा अधिक प्रतीत हुआ। इधर, सुबह से ही शहर के विभिन्न देवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। सबसे अधिक भीड़ रामरेखाघाट स्थित रामेश्वरनाथ मंदिर व नाथबाबा घाट पर उमड़ी हुई थी। जहां, कुछेक लोगों ने इस अवसर पर गंगा में स्नान किया। वहीं, देवी-देवताओं की प्रतिमा के आगे साल 2021 मंगलमय हो इसकी प्रार्थना किए।