नवरात्र से पहले गहमर के यात्रियों को तोहफा, मुंबई की सुपरफास्ट ट्रेन का ठहराव शुरू, सांसद ने दिखाई हरी झंडी
पाटलीपुत्र से लोकमान्य तिलक टर्मिनल जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12141/42) का गहमर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव शुरू हो गया है।

सुपरफास्ट एक्सप्रेस का गहमर स्टेशन पर ठहराव शुरू। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12141/42) का गहमर स्टेशन पर ठहराव शुरू।
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने पाटलीपुत्र से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुंबई यात्रा और कामाख्या मंदिर श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा।
जागरण संवाददाता, बक्सर। पाटलीपुत्र से चलकर लोकमान्य तिलक टर्मिनल को जाने वाली ट्रेन संख्या 12141/42 सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का मंगलवार से गहमर स्टेशन पर ठहराव शुरू हो गया है।
इस अवसर पर मंगलवार केा नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने पाटलीपुत्र स्टेशन से ट्रेन संख्या 12142 सुपरफास्ट एक्सप्रेस को गहमर में ठहराव के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दोपहर 12:44 बजे पहुंचेगी गमहर
रेल जनसंपर्क विभाग दानापुर द्वारा इस संबंध में जारी की गई विज्ञप्ति के अनुसार प्रायोगिक तौर पर इस ट्रेन का गहमर में दो मिनट का ठहराव शुरू किया गया है।
पाटलीपुत्र स्टेशन से खुलने के बाद ट्रेन संख्या 12142 अप पाटलीपुत्र लोकमान्य तिलक सुपरफास्ट एक्सप्रेस दोपहर 12.44 बजे गहमर स्टेशन पर पहुंचेगी तथा दो मिनट रुकने के बाद 12.46 बजे आगे के लिए रवाना हो जाएगी।
वापसी में रात 1:20 बजे होगा आगमन
उसी तरह वापसी में ट्रेन संख्या 12141 डाउन देर रात 1.20 बजे गहमर स्टेशन पहुंचेगी तथा दो मिनट ठहराव के बाद 1.22 बजे आगे के लिए रवाना हो जाएगी।
इस ट्रेन का ठहराव शुरू हो जाने से गहमर और उसके आसपास के क्षेत्र के लोगों को मुंबई आने जाने में काफी सुविधा मिलेगी।
वहीं नवरात्र के करीब ट्रेन का ठहराव शुरू होने से गहमर स्थित कामाख्या मंदिर जानेवाले श्रद्धालुओं के लिए भी एक अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिल गई।
