विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार: आपके घर का बिजली मीटर ही खोल देगा 'टैक्स चोरी' का राज! नए मकान और खाली प्लॉट वालों के लिए अपडेट

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:55 AM (IST)

डुमरांव नगर परिषद में होल्डिंग टैक्स चोरी रोकने के लिए नगर विकास विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। बिजली कनेक्शन के आंकड़ों से छूटे हुए भवनों और खाली जमीनों को टैक्स के दायरे में लाया जाएगा, जिससे राजस्व वसूली बढ़ेगी।

आपके घर का बिजली मीटर ही खोल देगा 'टैक्स चोरी' का राज! (AI Generated Image)

आपके घर का बिजली मीटर ही खोल देगा 'टैक्स चोरी' का राज! (AI Generated Image)

HighLights

  1. बिजली कनेक्शन डेटा से होगी टैक्स चोरों की पहचान।

  2. छूटे हुए मकान और खाली जमीन आएंगे टैक्स दायरे में।

  3. राजस्व वसूली बढ़ाने को विभाग ने दिए सख्त निर्देश।

संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। नगर परिषद की सुविधाओं का लाभ उठाने के बावजूद होल्डिंग टैक्स जमा नहीं करने वाले भवन मालिकों की अब खैर नहीं। शहर में टैक्स के दायरे से बाहर रह गए नवनिर्मित मकानों और संपत्तियों की पहचान के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग ने सख्ती दिखाई है।

विभाग ने नगर परिषद डुमरांव के कार्यपालक पदाधिकारी को बिजली कनेक्शन के आंकड़ों से होल्डिंग धारकों की सूची का मिलान कर छूटे हुए भवनों को टैक्स के दायरे में शामिल करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही खाली जमीन पर भी नियमानुसार होल्डिंग टैक्स निर्धारित किया जाएगा।

विभाग के संयुक्त निदेशक शशि भूषण प्रसाद की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि पूर्व में कई बैठकों में इस संबंध में निर्देश दिए जाने के बावजूद अधिकांश नगर निकायों में नवनिर्मित मकानों को टैक्स के दायरे में लाने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। ऐसे में अब इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया है।

सुविधाएं लेने में आगे, टैक्स देने में पीछे

डुमरांव शहर में बड़ी संख्या में ऐसे नवनिर्मित मकान हैं, जो अब तक होल्डिंग टैक्स के दायरे से बाहर हैं। इन भवनों में रहने वाले लोग नगर परिषद की सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाओं का लाभ तो उठा रहे हैं, लेकिन टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं।

कई भवनों के निर्माण में नक्शा स्वीकृति के नियमों की अनदेखी किए जाने की भी शिकायत है। ऐसे में बिजली कनेक्शन के आंकड़ों से सर्वे कराने पर टैक्स चोरी कर रहे भवन मालिकों की पहचान आसान होगी।

रजिस्ट्री के साथ टैक्स रिकॉर्ड भी होगा अपडेट

विभाग ने निबंधन विभाग से समन्वय स्थापित कर जमीन की खरीद-बिक्री करने वाले संपत्ति धारकों का ब्योरा जुटाने का निर्देश दिया है। खाली जमीन को भी टैक्स के दायरे में लाने के साथ संपत्ति का होल्डिंग रिकॉर्ड अपडेट करने पर जोर दिया गया है।

15,370 होल्डिंग, 1.78 करोड़ की वसूली

नगर परिषद के प्रधान सहायक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में कुल 15,370 होल्डिंग दर्ज हैं। इनमें 1,058 व्यावसायिक होल्डिंग हैं। नगर परिषद का वार्षिक होल्डिंग टैक्स वसूली लक्ष्य करीब दो करोड़ रुपये है। इसके विरुद्ध अब तक एक करोड़ 78 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है। नए भवनों और छूटी हुई संपत्तियों को टैक्स के दायरे में लाने से राजस्व संग्रह में और वृद्धि होने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।