बक्सर एयरपोर्ट पर नहीं होगी बागेश्वर धाम की कथा, गंगा किनारे 30 एकड़ में बनेगा पंडाल
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा का आयोजन स्थल बदल दिया गया है। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अब यह बक्सर एयरपोर्ट के बजाय कृतपुरा गांव में गंगा किनारे आयोजित होगा।

14 और 15 दिसंबर को बक्सर में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सुनाएंगे हनुमत कथा। जागरण ग्राफिक्स
HighLights
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा स्थल बक्सर एयरपोर्ट से कृतपुरा बदला गया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा के लिए परिवर्तन किया गया।
गंगा किनारे 30 एकड़ में भव्य पंडाल, 50 एकड़ पार्किंग की व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, बक्सर। श्री सीताराम विवाह महोत्सव के तहत आयोजित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा का आयोजन स्थल बदल दिया गया है।
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पहले प्रस्तावित बक्सर एयरपोर्ट के बजाय अब बक्सर-चौसा मार्ग स्थित कृतपुरा गांव के समीप गंगा के किनारे कथा का आयोजन होगा।
मंदिर के पीछे ग्रामीणों की ओर से उपलब्ध कराई गई जमीन पर भव्य आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है। आयोजन स्थल पर करीब 30 एकड़ जमीन में विशाल पंडाल बनाया जाएगा।
श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए 50 एकड़ जमीन निर्धारित की गई है। गुरुवार से आयोजन स्थल पर जमीन समतल करने का कार्य संभावित है।
30 एकड़ में बनेगा भव्य पंडाल
वहीं, एक दिसंबर से आयोजन की आवश्यक सामग्री पहुंचने लगेगी और पंडाल सहित अन्य व्यवस्थाओं को आकार देने का काम तेज हो जाएगा।
महोत्सव आश्रम के सदस्य झब्बु राय ने बताया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। लाखों लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन की सहमति से स्थल परिवर्तन किया गया है।
नए स्थल पर श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य सुविधाओं को ध्यान में रखकर व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए भव्य पंडाल निर्माण और जरूरी बुनियादी सुविधाएं जुटाने की तैयारी चल रही है।
50 एकड़ जमीन पर पार्किंग की रहेगी व्यवस्था
गौरतलब हो कि खाकी बाबा सरकार की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित 57वां श्री सीताराम विवाह महोत्सव सात दिसंबर से शुरू होगा। 10 दिवसीय महोत्सव के दौरान 14 और 15 दिसंबर को धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हनुमत कथा सुनाएंगे।
16 दिसंबर को इसी आयोजन स्थल पर दिव्य दरबार का आयोजन होगा। महोत्सव में देशभर से साधु-संत, धर्मगुरु और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आश्रम के महंत राजाराम दास ने बताया कि आयोजन के अन्य धार्मिक कार्यक्रम नया बाजार स्थित आश्रम परिसर और नेत्र अस्पताल के समीप आठ बीघा के परिक्षेत्र में आयोजित किए जाएंगे।