बक्सर के धनसोई में बाइपास से बदलेगी यातायात की तस्वीर, 18 करोड़ खर्च होंगे; 150 से अधिक रैयतों की जमीन जाएगी
बक्सर के धनसोई बाजार में प्रस्तावित बाइपास सड़क निर्माण के लिए जल्द ही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे यातायात ...और पढ़ें

धनसोई में जाम का नजारा। फाइल
HighLights
धनसोई बाइपास निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया जल्द शुरू।
18 करोड़ की लागत से बनेगा 4 किलोमीटर लंबा बाइपास।
बक्सर के धनसोई बाजार को जाम से मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, बक्सर। धनसोई बाजार में लंबे समय से प्रस्तावित बाइपास सड़क निर्माण की दिशा में अब तेजी आने की उम्मीद है।
बाइपास निर्माण के लिए जल्द ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभाग की ओर से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
18 करोड़ से सड़क निर्माण, भूमि के लिए खर्च होगी अतिरिक्त राशि
प्रस्तावित बाइपास के निर्माण के लिए करीब 12 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इसमें चार मौजा की जमीन चिन्हित की गई है। भूमि अधिग्रहण के दायरे में आने वाले 150 से अधिक रैयतों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
भूमि अधिग्रहण के लिए सड़क निर्माण विभाग की ओर से भू-अर्जन विभाग को फिलहाल करीब 5 करोड़ 50 लाख रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे।
राशि मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया में तेजी आएगी। अंतिम सूची के प्रकाशन के पश्चात संबंधित किसानों और रैयतों से आवेदन लिया जाएगा। इसके आधार पर मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इधर, सड़क निर्माण विभाग ने बाइपास निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। निर्माण एजेंसी को काम शुरू करने का निर्देश जारी किया जा चुका है।
विभाग की योजना है कि भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य की प्रक्रिया समानांतर रूप से आगे बढ़ाई जाए, ताकि परियोजना को निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।
धनसोई में बनने वाले प्रस्तावित बाइपास की लंबाई करीब चार किलोमीटर होगी। इसके निर्माण पर लगभग 18 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
हालांकि, भूमि अधिग्रहण के लिए खर्च होने वाली राशि इससे अलग होगी। सड़क निर्माण विभाग के प्रभारी कार्यपालक अभियंता विभूति चंद्र ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के लिए जल्द ही राशि भू-अर्जन विभाग को उपलब्ध करा दी जाएगी। इसके बाद अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए योजना को जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।
जाम से मिलेगी राहत
धनसोई बाजार में बाइपास बनने से रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में मुख्य सड़क बाजार के बीच से होकर गुजरती है, जिसकी चौड़ाई अपेक्षाकृत कम है।
इसके अलावा यह सड़क धनसोई के रास्ते रोहतास जिले के दिनारा में राष्ट्रीय उच्च पथ से जुड़ती है। इस कारण सड़क पर दिन-रात वाहनों का दबाव बना रहता है।
भारी और छोटे वाहनों के लगातार आवागमन से बाजार में अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। बाइपास बनने के बाद बाजार क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों का दबाव कम होगा और स्थानीय लोगों को सुगम यातायात की सुविधा मिल सकेगी।
