सोने की चेन न मिलने पर विवाहिता की हत्या
थाना क्षेत्र के बड़का दिया गांव में दहेज को लेकर विवाहिता की हत्या के बाद ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बक्सर । थाना क्षेत्र के बड़का दिया गांव में दहेज को लेकर विवाहिता की हत्या के बाद ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मिली जानकारी के अनुसार सिमरी हलवापट्टी निवासी भरत वर्मा की पुत्री महालक्ष्मी सोनी (25 वर्ष) की शादी अप्रैल 2014 में बड़का दिया गांव निवासी लक्ष्मण सोनी के पुत्र दीपक सोनी के साथ हुई थी। महालक्ष्मी सोनी के ससुराल आने के कुछ ही दिनों बाद पति, सास, ससुर तथा देवर द्वारा दहेज में सोने की चेन मांगी जाने लगी। इसे लेकर विवाहिता को प्रताड़ित किया जा रहा था।
इसकी जानकारी विवाहिता द्वारा अपने मायकेवालों को दिया जाता था। लेकिन, मायके के लोगों ने सोने का चेन देने में अपनी असमर्थता जताई। आखिरकार विवाहिता की हत्या कर दी गई। घटना बुधवार रात्रि की बताई जाती है। विवाहिता के ससुर द्वारा फोन कर गुरुवार को सूचना दी गयी कि आपकी बेटी की मौत हो चुकी है। मायके के लोग जब बड़का दिया गांव पहुंचे तो देखे कि बेटी मर चुकी है। विवाहिता को एक तीन साल की बच्ची है। घटना की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दी। हालांकि, विवाहिता के शरीर पर कहीं चोट का निशान नहीं पाया गया है। मौत कैसे हुई? इसका पता नहीं चल पाया है। विवाहिता की मां कंचन देवी द्वारा दामाद दीपक सोनी, ससुर लक्ष्मण सोनी, देवर गुड्डू सोनी, सोनू कुमार सोनी एवं सास सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थानाध्यक्ष नीतू प्रिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चल पाएगा।