स्वर्ण व्यवसायी से लूटकांड में अपराधियों की पहचान
छह मार्च की शाम नगर के व्यस्ततम बाजार में स्वर्ण व्यवसायी को जख्मी कर की गई लूट की घटना में पुलिस लगातार प्रयासरत है। लूट में शामिल अपराधियों की पहचान के अलावा पुलिस को कई अहम जानकारियां भी मिली हैं।
बक्सर । छह मार्च की शाम नगर के व्यस्ततम बाजार में स्वर्ण व्यवसायी को जख्मी कर की गई लूट की घटना में पुलिस लगातार प्रयासरत है। लूट में शामिल अपराधियों की पहचान के अलावा पुलिस को कई अहम जानकारियां भी मिली हैं। जिसपर पुलिस का अनुसंधान जारी है। जल्द ही अपराधियों के पुलिस की गिरफ्त में होने की संभावना है। इसकी जानकारी देते पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि छह मार्च की शाम नगर के यमुना चौक पर स्वर्ण कारीगर के यहां अपराधियों द्वारा की गई लूट के मामले में अपराधियों की पहचान कर ली गई है। इस क्रम में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिली हैं। जिनपर अभी अनुसंधान किया जा रहा है। लूट की घटना में शामिल सभी चार अपराधी स्थानीय हैं। जिन्हें कभी भी दबोचा जा सकता है। बावजूद इसके अनुसंधान के क्रम में कुछ ऐसी जानकारियां मिली हैं जिनकी अभी जांच चल रही है। जांच पूरा होते ही अपराधियों को गिरफ्तार कर सबके सामने लाया जाएगा। जांच पूरा नहीं होने के कारण पुलिस अपराधियों पर हाथ नहीं डाल रही है। एसपी ने बताया कि अपराधी यदि पाताल में भी जाकर छुप जाएं वो पुलिस से बच नहीं सकते। बताते चलें कि बुधवार की शाम छह बजे नगर के यमुना चौक स्थित स्वर्ण कारीगर सब्बीर अली की दुकान में नकाबपोश चार अपराधियों ने सरेशाम लूट की घटना को अंजाम दिया था। जिसमें अपराधियों ने दुकान में पहुंचने के साथ ही वहां मौके पर मौजूद लोगों को पिस्टल की बट से मारना शुरू कर दिया। जिसमें मौके पर मौजूद चार लोग चोटिल हो गए थे। इस दौरान अपराधियों ने वहां मौजूद लगभग तीन लाख के जेवरात लूटने के साथ ही कुछ लोगों के मोबाइल समेत वहां लगे सीसीटीवी कैमरा भी लेते गए थे।