विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाद और झाड़ियों से मिलेगी नहरों को मुक्ति, बक्सर में 7.31 करोड़ की योजना तैयार; 10 की बदलेगी तस्‍वीर

Published: Wed, 11 Nov 2026 03:04 PM (IST)

बक्सर जिले में सोन नहर प्रणाली के जीर्णोद्धार के लिए 7.31 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। इसका ...और पढ़ें

जिला मुख्यालय से गुजरने वाली सोन नहर का हिस्सा। जागरण

जिला मुख्यालय से गुजरने वाली सोन नहर का हिस्सा। जागरण

HighLights

  1. ₹7.31 करोड़ की लागत से सोन नहरों का जीर्णोद्धार होगा।

  2. नहरों की सफाई, गाद हटाने और मरम्मत कार्य किए जाएंगे।

  3. मार्च 2027 तक योजना पूरी, किसानों को मिलेगा लाभ।

जागरण संवाददाता, बक्सर। जिले में सोन नहर प्रणाली से सिंचाई करने वाले किसानों के लिए राहत की उम्मीद जगी है।

लंबे समय से मरम्मत और रखरखाव की जरूरत महसूस कर रही नहरों की शाखाओं, उपवितरिकाओं और आरपीसी (रूरल पाइप कैनाल) के जीर्णोद्धार की योजना विभाग की ओर से तैयार की गई है।

इसके तहत नहरों की सफाई, गाद हटाने, तटबंधों को दुरुस्त करने, क्षतिग्रस्त संरचनाओं की मरम्मत और जल प्रवाह को सुचारू बनाने से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।

5 मार्च 2027 तक योजना को पूरा करने का लक्ष्य

जल संसाधन विभाग की ओर से इसके लिए करीब 7.31 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली योजना तैयार की गई है। कार्य पूरा करने की समय सीमा 15 मार्च 2027 निर्धारित की गई है।

योजना के तहत बक्सर शाखा नहर से निकलने वाली बसौली, महदह, सरना और बसुधर वितरिका के साथ अमरपुर उपवितरिका, इटाढ़ी और मुकुंदपुर उपवितरिका तथा चौअरी आरपीसी का जीर्णोद्धार किया जाएगा।

वहीं, पश्चिमी मुख्य नहर से निकलने वाली सियावक और सलेया वितरिका को भी योजना में शामिल किया गया है। इन नहरों के दुरुस्त होने से संबंधित क्षेत्रों में सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

गाद हटाने से लेकर क्षतिग्रस्त संरचनाओं की मरम्मत पर ध्यान

योजना के तकनीकी प्राक्कलन में नहरों के किनारों और तटबंधों से झाड़ियां, घास और अवांछित वनस्पतियां हटाने का प्रावधान है।

नहरों और तटबंधों में जमा मिट्टी व गाद की खुदाई कर जल प्रवाह के अनुरूप उनकी सफाई और आकार दुरुस्त किया जाएगा।

इसके अलावा क्षतिग्रस्त ईंट और कंक्रीट की संरचनाओं को हटाकर नए सिरे से निर्माण, पुलिया और पाइप की मरम्मत, सीमेंट कंक्रीट के कार्य तथा तटबंधों की सुरक्षा के लिए पिचिंग भी कराई जाएगी। कुछ स्थानों पर जल निकासी और संरचनाओं को मजबूत बनाने के लिए आरसीसी निर्माण का भी प्रविधान है।

किसानों को मिलेगा बेहतर जल प्रबंधन का लाभ

नहरों में गाद जमने, तटबंधों के कमजोर होने और संरचनाओं के क्षतिग्रस्त रहने से पानी के प्रवाह और वितरण में परेशानी होती है।

जीर्णोद्धार के बाद नहरों की जल वहन क्षमता और पानी के नियंत्रित प्रवाह में सुधार होने की उम्मीद है। इससे रबी और खरीफ दोनों मौसमों में सिंचाई के लिए नहरों पर निर्भर किसानों को लाभ मिल सकता है।

खासकर नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने और खेतों तक सिंचाई की उपलब्धता बेहतर बनाने में यह काम महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। हालांकि, वास्तविक लाभ कार्य की गुणवत्ता, समय पर पूरा होने और नहरों के नियमित रखरखाव पर निर्भर करेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।