बक्सर नाबालिग दुष्कर्म कांड: पॉक्सो कोर्ट ने आरोपी शिक्षक को रिमांड पर भेजा, 2 दिन तक पूछताछ करेगी पुलिस
बक्सर में पूर्ववर्ती छात्रा से दुष्कर्म के मुख्य आरोपित अरविंद कुमार को पॉक्सो कोर्ट ने दो दिन की रिमांड पर ...और पढ़ें
-1788942494974_m.webp)
आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार। फाइल फोटो
HighLights
मुख्य आरोपित अरविंद कुमार दो दिन की रिमांड पर।
महिला थाना में पुलिस कर रही है गहन पूछताछ।
जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर स्पीडी ट्रायल होगा।
जागरण संवाददाता, बक्सर। कृष्णब्रह्म थाना क्षेत्र के एक मध्य विद्यालय की पूर्वववर्ती छात्रा से दुष्कर्म के मुख्य आरोपित अरविंद कुमार से पूछताछ के लिए पॉक्सो कोर्ट ने दो दिन की रिमांड मंजूर की है। रिमांड मिलते ही पुलिस उसे लेकर महिला थाना चली गई, जहां फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
इस सम्बंध में जानकारी देते पॉक्सो कोर्ट के विशेष लोक अभियोजक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल सिर्फ घटना के मुख्य अभियुक्त अरविंद कुमार को दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौपा गया है।
मामले में गिरफ्तार अन्य के रिमांड के लिए अभी पुलिस का आवेदन नहीं आया है। पुलिस का आवेदन आने के बाद कोर्ट उसपर अपना निर्णय लेगी।
इधर, रिमांड मिलते ही महिला थाना की जांच अधिकारी अभियुक्त को केंद्रीय कारा से लेकर महिला थाना पहुंच गई, जहां फिलहाल आरोपित से पूछताछ चल रही है।
इसकी पुष्टि करते हुए महिला थानाध्यक्ष प्रतिभा कुमारी ने बताया कि केस की जांच अधिकारी फिलहाल अरविंद कुमार से पूछताछ कर घटना से सम्बंधित तमाम बातों की जानकारी ले रही है।
मामले का अनुसंधान तेजी से चल रहा है और जल्द ही अनुसंधान पूरा कर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल किया जाएगा, जिससे स्पीडी ट्रायल के तहत पॉक्सो कोर्ट में मामले की सुनवाई पूरी करते हुए अभियुक्तों को सजा दिलाई जा सके। जल्द ही गिरफ्तार अन्य अभियुक्तों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
बताते चलें कि कृष्णब्रह्म थाना क्षेत्र के एक मध्य विद्यालय की छात्रा के साथ विद्यालय के ही दो शिक्षकों द्वारा काफी दिनों से हवस का शिकार बनाया जा रहा था।
मामला संज्ञान में तब आया जब उक्त घटना की वीडियो इंटरनेट मीडिया पर किसी ने प्रसारित कर दिया। इस मामले में पीड़ित छात्रा की मां के बयान पर प्राथमिकी कराते ही घटना में संलिप्त अभियुक्तों गिरफ्तार करने में पुलिस जुट गई।
सबसे पहले विद्यालय के प्रिंसिपल इमाम अली अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि इसके अगले ही दिन अरविंद को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना में संलिप्त शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद के साथ उसे फरार कराने में सहयोग करने के आरोप में पुलिस ने एक अन्य युवक विकास कुमार को भी गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
