बक्सर पुलिस में फेरबदल: सोनू कुमार बने औद्योगिक थानाध्यक्ष, पूजा कुमारी को मिली इटाढ़ी थाना की कमान
बक्सर एसपी शुभम आर्य ने तत्काल प्रभाव से तीन थानाध्यक्षों समेत चार पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है।

बक्सर पुलिस में फेरबदल
HighLights
एसपी शुभम आर्य ने चार पुलिस अधिकारियों का किया तबादला।
सोनू कुमार को औद्योगिक, पूजा कुमारी को इटाढ़ी थाना प्रभारी बनाया।
तिलक राय हाता थाना की कमान रोहित कुमार को सौंपी गई।
जागरण संवाददाता, बक्सर। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने तत्काल प्रभाव से तीन थानाध्यक्ष समेत चार पुलिस पदाधिकारियों को इधर से उधर तबादला (Buxar Police Transfer) करते हुए नई जिम्मेदारी सौपी है।
गुरुवार की देर रात जारी हुए आदेश के अनुसार एसपी ने सभी को 24 घंटे के अंदर अपने नए पदस्थापन पर योगदान करने का निर्देश जारी किया है। तिलक राय के हाता थानाध्यक्ष पूजा कुमारी को पुलिस कार्यालय में योगदान करने का आदेश दिया गया है।
सोनू कुमार को औद्योगिक थाना की जिम्मेदारी
बक्सर एसपी (Buxar SP) द्वारा जारी पत्र के अनुसार, इटाढ़ी में दो साल कार्यकाल पूरा कर चुके सोनू कुमार को अब औद्योगिक थाना के थानाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौपी गई है। उनके स्थान पर महिला थाना की अपर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी को इटाढ़ी थानाध्यक्ष के पद पर तैनात किया गया है।
पूजा कुमारी की पुलिस कार्यालय में तैनाती
वहीं, दूसरी तरफ डुमरांव अनुमंडल के तिलकराय हाता की थानाध्यक्ष पूजा कुमारी को पुलिस कार्यालय में तैनात करते हुए उनके स्थान पर गंगा ब्रिज चौकी प्रभारी रोहित कुमार को तिलक राय के हाता थाना की कमान संभालने का आदेश दिया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल की यह कार्रवाई कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इधर, सूचना के अनुसार औद्योगिक थाना के वर्तमान थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह का कुछ महीने पहले ही पटना तबादला का आदेश जारी हो चुका है। हालांकि, एसपी ने अभी उन्हें विरमित नहीं किया है।
इसके कारण फिलहाल आदेश पत्र में उनकी तैनाती का कोई जिक्र नहीं है। एसपी के आदेशानुसार सभी पुलिस पदाधिकारी पदभार ग्रहण करने के बाद तत्काल अपना प्रतिवेदन पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जमा करेंगे।
यह भी पढ़ें- Muzaffarpur News: घूस मांगने का ऑडियो वायरल, वैशाली की महिला थानेदार पूर्णिमा कुमारी सस्पेंड
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर के बेनीबाद थाना के दारोगा, सिपाही समेत तीन निलंबित, थानेदार से स्पष्टीकरण
