विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्‍सर में स्‍कूल जा रहे छात्र को क‍िडनैप कर भागे बाइक सवार; रास्‍ते में छोड़ क्‍यों हुए फरार? हैरान कर देगी घटना

Published: Tue, 20 Jan 2026 04:23 PM (IST)

बक्सर के सिमरी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्र पुष्कर कुमार के अपहरण का प्रयास विफल हो गया। स्कूल जाते ...और पढ़ें

बक्‍सर में छात्र के अपहरण का प्रयास। सांकेत‍िक तस्‍वीर

बक्‍सर में छात्र के अपहरण का प्रयास। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. सिमरी में नाबालिग छात्र के अपहरण का प्रयास विफल हुआ।

  2. पुलिस को देखकर बाइक सवार बदमाश बच्चे को छोड़ भागे।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, आरोपियों की तलाश जारी है।

संवाद सहयोगी, सिमरी (बक्सर)। Buxar News: सिमरी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक नाबालिग छात्र के अपहरण का प्रयास उस समय विफल हो गया, जब बाइक सवार बदमाश पुलिस की मौजूदगी देखकर घबरा गए और बच्चे को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगपुरा गांव निवासी अखिलेश कुमार मिश्र का 13 वर्षीय पुत्र पुष्कर कुमार सिमरी स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ने के लिए प्रतिदिन की तरह घर से निकला था।

सुबह वह सड़क किनारे स्कूल जाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और बलपूर्वक उसे बाइक पर बैठाकर बक्सर की ओर भागने लगे।

बताया जाता है कि जैसे ही बाइक सवार बदमाश सेंडीगेट के समीप पहुंचे, वहां सड़क पर पुलिस बल को खड़ा देख वे घबरा गए।

पुलिस की सक्रियता और चेकिंग की आशंका से अपराधियों ने तत्काल बच्चे को सड़क किनारे उतार दिया और फरार हो गए।

अचानक हुए इस घटनाक्रम से बच्चा घबरा गया, लेकिन उसने पास की एक दुकान पर जाकर दुकानदार के मोबाइल से अपने परिजनों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही परिजन बक्सर गए और बच्चे को सुरक्षित लेकर सिमरी थाना पहुंचे। इसके बाद पीड़ित पिता ने थानाध्यक्ष को पूरी घटना की जानकारी देते हुए लिखित आवेदन सौंपा।

आवेदन में अपहरण के असफल प्रयास का उल्लेख करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बाइक सवार युवकों की पहचान करने का प्रयास जारी है।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों ने स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा के लिए नियमित गश्ती और सतर्क निगरानी की मांग की है।