विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Holi Special : रंगों की बौछार में नहाया बाजार, कोल्हापुरी चप्पल और कुर्ता-पैजामा की धूम

Published: Sat, 28 Feb 2026 02:21 PM (GMT+05:30)

होली के आगमन से बक्सर का बाजार गुलजार हो गया है। कपड़े, जूते और रेडीमेड दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ ...और पढ़ें

कोल्हापुरी चप्पल और कुर्ता-पैजामा की धूम

कोल्हापुरी चप्पल और कुर्ता-पैजामा की धूम

HighLights

  1. होली से बक्सर का बाजार रंगों सा खिला।

  2. महिलाओं को कोल्हापुरी चप्पलें, पुरुषों को कुर्ता-पैंट भाया।

  3. साड़ी और पंखों की बिक्री में भी तेजी।

जागरण संवाददाता, बक्सर। होली की आहट के साथ शहर का बाजार रंगों सा खिल उठा है। कपड़ा, जूता-चप्पल और रेडीमेड दुकानों पर ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है। शाम ढलते ही बाजार में गुलजार माहौल दिख रहा है।

त्योहार की खुशी खरीदारी के जरिए झलक रही है। हर गली-चौराहे पर रौनक ही रौनक नजर आ रही है।

चटख रंगों में कोल्हापुरी का जलवा

इस बार भी महिलाओं में कोल्हापुरी चप्पलों का खास आकर्षण बना हुआ है। व्यवसायियों के अनुसार पहले बच्चों के लिए खरीदारी हो रही है।

इसके बाद महिलाएं अपने लिए नए डिजाइन की चप्पलें पसंद कर रही हैं। 450 से 1500 रुपये तक की रेंज में कई विकल्प मौजूद हैं। रंग-बिरंगे डिजाइन होली के उत्साह को और बढ़ा रहे हैं।

कुर्ता-पैंट का ट्रेंड, पायजामा थोड़ा पीछे

पुरुषों में इस बार कुर्ता-पैंट का चलन ज्यादा दिख रहा है। दर्जी मो. इरशाद के अनुसार कुर्ता-पैंट की सिलाई 750 रुपये में हो रही है। कुर्ता-पायजामा 650 रुपये और पैंट-शर्ट 850 रुपये में सिली जा रही है।

पिछले दो साल से यही ट्रेंड बाजार में बना हुआ है। युवाओं में इस स्टाइल को लेकर खास उत्साह है।

साड़ी से पंखे तक, हर तरफ रंगत

होली और ईद को देखते हुए साड़ियों की बिक्री भी बढ़ी है। छोटे व्यापारियों को मेगा मार्ट से प्रतिस्पर्धा जरूर मिल रही है। फिर भी त्योहार की वजह से बिक्री में रफ्तार आई है।

मौसम की गर्माहट ने इलेक्ट्रिक पंखों की मांग भी बढ़ा दी है। कुल मिलाकर रंगों के इस पर्व ने बाजार को पूरी तरह सराबोर कर दिया है।