सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट, 29 हजार सस्ता हुआ GOLD; शादी वाले घरों में लौटी मुस्कान
सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट से शादी की तैयारी कर रहे परिवारों को बड़ी राहत मिली है, जिससे सराफा बाजार में आभूषणों की खरीदारी में तेजी आई है।

शादी की तैयारी के बीच सोना-चांदी के भाव गिरे, ग्राहकों को मिली बड़ी राहत (AI Generated Image)
HighLights
सोने-चांदी के भाव 8 माह के निचले स्तर पर।
शादी की तैयारी कर रहे परिवारों को मिली बड़ी राहत।
सराफा बाजार में आभूषणों की खरीदारी में तेजी आई।
संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। सोने-चांदी की आसमान छूती कीमतों के बीच शादी-विवाह की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। कीमती आभूषणों के भाव में आई भारी गिरावट ने सराफा बाजार में खरीदारी की रफ्तार बढ़ा दी है।
करीब आठ माह के निचले स्तर पर पहुंचे सोने के भाव से उन परिवारों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है, जिनके घरों में शहनाई बजने वाली है। अब कम बजट में पसंद के आभूषण खरीदने का सपना भी पूरा होता दिख रहा है।
29 हजार तक सस्ता हुआ सोना
सोमवार को डुमरांव में 18 कैरेट सोने का भाव 96,900 रुपये और 22 कैरेट का भाव 1,16,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। वहीं चांदी 1,53,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही।
श्रीकृष्णा ज्वेलर्स के प्रोपराइटर राजेश कुमार 'राजू' ने बताया कि छह से आठ माह पहले 18 कैरेट सोना 1,22,000 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,45,000 रुपये प्रति 10 ग्राम था। चांदी की कीमत भी 4.26 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई थी।
तनिष्क बक्सर के बिजनेस एसोसिएट दीपक पांडेय ने बताया कि मौजूदा गिरावट से ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है।
चेन से मंगलसूत्र व हार तक बढ़ी मांग
लग्न का मौसम के साथ सोने की चेन, अंगूठी, झुमका, टप्स, मंगलसूत्र, चूड़ी और हार की मांग बढ़ी है। स्वर्णकार संघ के विनोद वर्मा के अनुसार ग्राहक कीमतों में गिरावट का लाभ उठाकर अपने बजट के मुताबिक बेहतर डिजाइन और अधिक वजन के आभूषण पसंद कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ग्राहक अब भारत सरकार के निर्धारित मानकों के अनुरूप एचयूआईडी अंकित आभूषण देखकर ही खरीदारी कर रहे हैं।
गिरते भाव ने परिवारों की चिंता की दूर
बेटे की शादी की तैयारी कर रहे दिलीप कुमार तिवारी ने बताया कि कुछ माह पहले सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों ने शादी का बजट बिगाड़ दिया था। अब कीमतों में गिरावट से काफी राहत मिली है।
बेटी की शादी की तैयारी कर रहे श्रीकृष्ण पांडेय ने बताया कि आभूषणों के दाम कम होने से शादी की खरीदारी में बड़ी मदद मिली है।
इसी सप्ताह भतीजे की शादी करने जा रहे राजकपिल महतो ने बताया कि शादी की तारीख तय होने के समय महंगे सोने-चांदी को लेकर काफी चिंता थी। अब कीमतों में आई गिरावट से परिवार को सुकून मिला है।
लग्न की खुशियों के बीच यह गिरावट उन परिवारों के लिए किसी उपहार से कम नहीं है, जो अपनों की शादी को यादगार बनाने के लिए लंबे समय से बचत कर रहे थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।