'सर, यह काम मुझसे नहीं होगा...' महिला अधिकारी के जवाब सुनकर हैरान रह गए बक्सर के SDM
ब्रह्मपुर में बीडीओ और आरडीओ के विवाद की जांच करने पहुंचे एसडीएम राजीव कुमार महिला अधिकारी अल्पिका सिंह के जवाबों ...और पढ़ें

बक्सर में आरडीओ-बीडीओ विवाद मामले में होगी कार्रवाई। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
महिला अधिकारी ने छठ घाट निरीक्षण से किया इनकार।
जांच के दौरान दिए कई अटपटे और असहज करने वाले जवाब।
जिलाधिकारी ने महिला अधिकारी पर कार्रवाई का दिया निर्देश।
संवाद सहयोगी, ब्रह्मपुर (बक्सर)। सर, यह काम मुझसे नहीं होगा। मेरी नियुक्ति इसके लिए नहीं हुई है। महिला अधिकारी के इस सपाट जवाब को सुनकर अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) राजीव कुमार हैरान रह गए।
दरअसल, एसडीएम ब्रह्मपुर में बीडीओ सोनू कुमार और ग्रामीण विकास अधिकारी (RDO) अल्पिका सिंह के बीच विवाद की जांच करने पहुंचे थे। जांच के बाद उन्होंने ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर में छठ घाटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान एसडीएम ने वहां मौजूद पंडितों से पूछा कि क्या वे 11 महीने से कार्यरत ग्रामीण विकास अधिकारी को पहचानते हैं? इस पर सभी ने एक स्वर में जवाब दिया कि उन्होंने आरडीओ को पहली बार देखा है।
'डीएम ने दिया कार्रवाई का निर्देश'
इसके बाद एसडीएम ने आरडीओ से छठ घाट और मंदिर की व्यवस्था देखने को कहा। इस पर महिला अधिकारी ने बिना संकोच जवाब दिया कि यह काम उनसे नहीं होगा।
प्रखंड कार्यालय में जांच के दौरान भी महिला अधिकारी के कुछ कथित अटपटे जवाबों से एसडीएम कई बार असहज हुए। इसके बावजूद वे उन्हें बार-बार समझाते रहे।
अनुशासनहीनता और लापरवाही के आरोपों को लेकर एसडीएम की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने महिला अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया है।
जांच प्रक्रिया पर ही उठा दिए सवाल
जांच शुरू होते ही महिला अधिकारी ने एसडीएम से प्रक्रिया पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि उन्हें लिखित पत्र क्यों नहीं दिया गया और फोन पर सूचना क्यों दी गई?
एसडीएम ने जब उन्हें प्रक्रिया समझाई तो महिला अधिकारी ने उनकी गाड़ी पर सवाल उठाते हुए खुद को वाहन उपलब्ध नहीं कराए जाने की बात कही।
जांच के दौरान महिला अधिकारी की कार्यशैली से जुड़े कई गंभीर सवाल सामने आए। इनमें बिना अवकाश स्वीकृत कराए कार्यालय से अनुपस्थित रहना, उपार्जित अवकाश की मंजूरी के बिना छुट्टी पर जाना, छुट्टी से लौटने के बाद विधिवत योगदान नहीं करना और गलत तरीके से वेतन की मांग करना शामिल था।
इन सवालों पर महिला अधिकारी ने जवाब दिया, 'आप मेरा कागज देख लीजिए, मुझे कुछ जानकारी नहीं है।' उनके जवाबों से एसडीएम कई बार असहज नजर आए।
कटोरा लेकर धरना क्यों दिया?
पूछताछ के दौरान एसडीएम ने महिला अधिकारी से एक और सवाल किया कि आखिर उन्होंने कटोरा लेकर धरना क्यों दिया था? इस पर महिला अधिकारी ने जवाब दिया, 'मैं कटोरे से ही पानी पीती हूं।'
महिला अधिकारी के इस जवाब से एसडीएम असहज हो गए। उनका यह रवैया प्रशासनिक अनुशासन और जवाबदेही को लेकर भी चर्चा का विषय बन गया।
एसडीएम ने प्रखंड के अन्य अधिकारियों से भी पूछताछ की। इस दौरान महिला अधिकारी के कार्यालय से अनुपस्थित रहने की बात सामने आई। इस पर उन्होंने सवाल उठाया कि सभी लोग बीडीओ के पक्ष में हैं।
एसडीएम ने जब उन्हें अपने पक्ष के गवाह बुलाने का विकल्प दिया तो महिला अधिकारी ने कहा, 'मेरा कोई नहीं है।'
लगातार असहज करने वाले जवाबों के बावजूद एसडीएम उन्हें सरकारी सेवा के नियमों और अपने दायित्वों का हवाला देकर समझाते रहे।