बक्सर के चक्की सीएचसी में शर्मनाक लापरवाही, अस्पताल गेट पर महिला का प्रसव; घेराबंदी हैरान करने वाली
चक्की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक गर्भवती महिला को घंटों इंतजार के बाद भी इलाज नहीं मिला। परिजनों को अस्पताल ...और पढ़ें

अस्पताल गेट पर महिला का प्रसव
HighLights
गर्भवती महिला को चक्की सीएचसी में नहीं मिला इलाज।
परिजनों ने साड़ी से घेराबंदी कर कराया प्रसव।
अस्पताल प्रशासन ने लापरवाही से झाड़ा पल्ला।
संवाद सहयोगी, चक्की (बक्सर)। चक्की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा, लेकिन अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली।
घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिला इलाज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को प्रसव पीड़ा से कराह रही महिला को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि लंबे इंतजार के बावजूद न तो कोई डॉक्टर पहुंचा और न ही कोई नर्स महिला की स्थिति देखने आई।
मुख्य गेट के पास कराई गई डिलीवरी
स्थिति बिगड़ने पर मजबूर होकर परिजनों और अन्य महिलाओं ने अस्पताल के मुख्य गेट के पास ही साड़ी की घेराबंदी कर प्रसव कराया। इस दौरान महिला को किसी भी तरह की चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जिससे उसकी जान को खतरा बना रहा।
वीडियो वायरल, खुली स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि महिलाओं ने साड़ी से घेरा बनाकर डिलीवरी कराई। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी
इस तरह की घटना ने न केवल अस्पताल की लापरवाही उजागर की है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है।
अस्पताल प्रशासन ने झाड़ा पल्ला
मामले पर जब चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अंजलि कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है और उस समय वह अस्पताल में मौजूद नहीं थीं।
मैनेजर ने नहीं उठाया फोन
वहीं, अस्पताल के प्रबंधक राजीव रंजन प्रसाद से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इसको लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
