बक्सर बस स्टैंड पर बदला लाल बैग, 3.5 लाख के जेवर गायब; फिर V-मार्ट की एक पर्ची ने ऐसे सुलझाई यात्रियों की उलझन
बक्सर बस स्टैंड पर दो यात्रियों के ट्रॉली बैग बदल गए, जिसमें एक में 3.5 लाख रुपये के जेवर थे। ...और पढ़ें

बक्सर बस स्टैंड पर बदला लाल बैग
HighLights
बक्सर बस स्टैंड पर यात्रियों के ट्रॉली बैग बदले गए।
3.5 लाख रुपये के जेवर वाला बैग खो गया था।
डायल 112 ने वी-मार्ट बिल से बैग वापस दिलवाया।
जागरण संवाददाता, बक्सर। एक जैसे रंग और आकार के दो ट्रॉली बैगों ने मंगलवार सुबह बक्सर बस स्टैंड पर एक परिवार की चिंता बढ़ा दी। बोकारो से गाजीपुर के इंदौर गांव जा रही नेहा कुमारी का बैग किसी अन्य यात्री के पास चला गया था।
उसमें करीब 3.5 लाख रुपये के जेवर और अन्य सामान थे। डायल 112 की टीम ने एक खरीदारी बिल की मदद से कुछ ही देर में बैग वापस दिला दिया।
नेहा अपने पति के साथ सोमवार को बोकारो से बक्सर आने वाली जयराम बस से मायके जा रही थीं। बस कंडक्टर ने उनका लाल ट्रॉली बैग डिक्की में रखा था।
मंगलवार सुबह नौ बजे बक्सर पहुंचने पर उसने उन्हें उसी रंग का दूसरा बैग दे दिया। नेहा द्वारा आपत्ति जताने पर कंडक्टर ने कहा कि डिक्की में यही बैग बचा है।
स्थानीय लोगों की सलाह पर नेहा ने डायल 112 पर फोन किया। पूछताछ में पता चला कि इसी रंग का एक बैग लेकर एक यात्री बक्सर गोलंबर पर उतरा था।
छूटे हुए बैग की तलाशी में मिले वी-मार्ट के बिल पर दर्ज फोन नंबर से उस यात्री की पहचान हुई। उस यात्री की पहचान गाजीपुर के कासिमाबाद निवासी अभय सिंह के रूप में हुई।
वह भी बोकारो के सीसीएल में काम करते हैं और पत्नी गीता सिंह के साथ छठ मनाने घर लौट रहे थे। घर पहुंचकर उन्होंने बैग खोलकर नहीं देखा था।
पुलिस का फोन आने पर वह बैग लेकर बक्सर बस स्टैंड पहुंचे। दोनों यात्रियों के बैग आपस में बदलवाए गए। सामान सुरक्षित मिलने पर नेहा परिवार के साथ घर रवाना हुईं।