बक्सर में दिनदहाड़े शिक्षक को बाइक सवार अपराधियों ने मारी गोली, हालत खतरे से बाहर
बक्सर में उर्दू मध्य विद्यालय के शिक्षक को अपराधियों ने गोली मार दी। गोली लगने से घायल शिक्षक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बक्सर, जेएनएन। धनसोई थाना क्षेत्र के बन्नी बाजार में गुरुवार की सुबह उर्दू मध्य विद्यालय के शिक्षक को अपराधियों ने गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी भागने में सफल रहे। स्थानीय लोगों ने स्वजनों की मदद से घायल शिक्षक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। जख्मी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल शिक्षक की पहचान एहसान खां के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अबतक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
दुकान खोलने के दौरान मारी गोली
मिली जानकारी के मुताबिक शिक्षक एहसान खां उर्दू मध्य विद्यालय बन्नी में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। बन्नी बाजार में इनकी अपनी कंप्यूटर और मोबाइल की दुकान है। घटना तब हुई जब गुरुवार की सुबह 8:00 बजे के करीब एहसान खां अपनी बन्नी बाजार स्थित दुकान खोलने पहुंचे थे। इसी दौरान पूर्व से घात लगाए बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते भागने में सफल रहे।
पैर में लगी गोली, हालत खतरे से बाहर
गनीमत ये रही कि गोली एहसान खां के पैर में लगी थी। गोली लगने से घायल शिक्षक एहसान खां को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका चिकित्सक इलाज कर रहे हैं। थानाध्यक्ष बिगाऊ राम ने घटना की पुष्टि करते बताया के शिक्षक के पैर में छर्रे लगे हैं, जिससे उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। इस मामले में फिलहाल, घायल शिक्षक कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। कयास लगाया जा रहा है कि पूर्व के किसी विवाद में अपराधियों ने शिक्षक को गोली मारी है। वारदात के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। लोग कयास लगा रहे हैं कि गोली दुकान को लेकर किसी विवाद के बाद मारी गई है। अब शिक्षक के बयान पर ही मामला साफ होगा।