विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना-DDU रूट पर चलती ट्रेन से यात्री का अपहरण, अगवा शख्स ने खुद फोन कर पुलिस को दी सूचना

Published: Tue, 22 Sep 2026 09:24 PM (IST)Updated: Tue, 22 Sep 2026 09:51 PM (IST)

पटना-डीडीयू रेलखंड पर चलती ट्रेन से वैशाली के एक यात्री का अपहरण कर लिया गया है। रेल पुलिस की संयुक्त ...और पढ़ें

चलती ट्रेन से वैशाली के रेलयात्री का अपहरण, छापामारी में जुटी रेल पुलिस

चलती ट्रेन से वैशाली के रेलयात्री का अपहरण, छापामारी में जुटी रेल पुलिस

HighLights

  1. चलती ट्रेन से पटना-डीडीयू रेलखंड पर यात्री का अपहरण।

  2. अपहृत यात्री वैशाली जिले के नीतीश यादव के रूप में पहचान।

  3. जीआरपी और आरपीएफ की टीमें अपहर्ताओं की तलाश में जुटीं।

जागरण संवाददाता, बक्सर। पटना-डीडीयू रेलखंड पर ट्रेन से सफर के दौरान एक यात्री का अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है।

घटना की सूचना मिलते ही बक्सर और दिलदारनगर जीआरपी के साथ ही आरपीएफ की संयुक्त टीम अपहर्ताओं को गिरफ्तार करने तथा अपहृत को मुक्त कराने के लिए छापामारी करने में लगी है। हालांकि, रेल पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी बताने से कतरा रही है।

दिन के दो बजे किडनैपिंग

मिली जानकारी के अनुसार, वैशाली जिला के जन्दाहा अंतर्गत चन्दवारा निवासी नीतीश यादव पिता मुकेश राय मंगलवार को एक स्पेशल ट्रेन से डीडीयू की ओर जा रहे थे। तभी दिन के दो बजे के करीब चलती ट्रेन से कुछ लोगों ने उनका अपहरण कर लिया।

रेल मुख्यालय को फोन पर मिली सूचना

अपहर्ताओं ने यात्री को कहां रखा है, इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है। रेल पुलिस के अनुसार, इसी बीच मौका मिलते ही अपहृत व्यक्ति ने स्वयं ही फोन करते हुए रेल मुख्यालय को घटना की सूचना दी थी।

यात्री के अनुसार, अपहरण की वारदात को उत्तर प्रदेश के दिलदारनगर और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) के बीच अंजाम दिया गया है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि अपहर्ता बक्सर से ही ट्रेन में सवार हुए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ के साथ जीआरपी की टीम सक्रिय हो गई और अपहर्ताओं का सुराग ढूंढने में लग गई।

घटना की पुष्टि करते रेल डीएसपी कंचन राज ने बताया कि रेल पुलिस की टीम अपहर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने दावा किया कि रेल पुलिस को अपहर्ताओं का सुराग मिल चुका है तथा किसी भी समय उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- बक्सर में दर्दनाक सड़क हादसा, पिता के सामने इकलौते बेटे की मौत; दुकान से घर लौटते समय हुआ हादसा