बक्सर में दर्दनाक सड़क हादसा, पिता के सामने इकलौते बेटे की मौत; दुकान से घर लौटते समय हुआ हादसा
बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर हुए सड़क हादसे में कपड़ा व्यवसायी शिवजी मिश्रा के इकलौते बेटे विकास की मौत हो गई। ...और पढ़ें

बक्सर में सड़क हादसे में बेटे की मौत, पिता गंभीर। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर पिकअप ने बाइक को टक्कर मारी।
कपड़ा व्यवसायी के इकलौते बेटे विकास की मौत हुई।
पिता शिवजी मिश्रा गंभीर घायल, वाराणसी रेफर किए गए।
संवाद सहयोगी, चौसा (बक्सर)। बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर शनिवार शाम सड़क हादसे में कपड़ा व्यवसायी शिवजी मिश्रा के इकलौते बेटे विकास की मौत हो गई।
लालगंज स्थित साधु बाबा मंदिर के पास तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बहुआरा निवासी शिवजी मिश्रा पीसी कालेज के समीप कपड़ों की दुकान चलाते हैं।
गंभीर रूप से घायल पिता का वाराणसी में हो रहा इलाज
शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर 18 वर्षीय बेटे विकास के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। लालगंज के पास सामने से आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी।
दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र की पुलिस ने दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान विकास की मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पीसी काॅलेज के पास स्थित दुकान से लौट के दौरान हुआ हादसा
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 47 वर्षीय शिवजी मिश्रा को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस वाहन और चालक की पहचान की जांच कर रही है। तीन बहनों में अकेला भाई विकास अविवाहित था।
दूसरी बहन की शादी इसी दिसंबर में तय थी। इकलौते बेटे की मौत से बहुआरा गांव में मातमी सन्नाटा है। घर में मां और बहनें हैं। घटना से आसपास के लेाग भी काफी मर्माहत हैं।
