बक्सर के नैनीजोर में 313 एकड़ जमीन पर किसका अधिकार? एसडीएम ने राजस्व रिकॉर्ड से साफ की तस्वीर
बिहार-यूपी सीमा पर गायघाट मौजा की 313 एकड़ विवादित जमीन पर डुमरांव एसडीएम ने स्थिति स्पष्ट की है। अवैध कब्जा करने वालों पर कार्रवाई होगी, जबकि न्यायालय के आदेश मान्य होंगे।

डुमरांव एसडीएम ने अभिलेखों के अध्ययन के बाद सुनाया फैसला। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
गायघाट मौजा की 313 एकड़ जमीन बिहार सरकार की घोषित।
अवैध कब्जाधारियों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी, एसडीएम की चेतावनी।
न्यायालय के आदेश वाले दावेदारों के पक्ष मान्य होंगे।
संवाद सहयोगी, ब्रह्मपुर (बक्सर)। बिहार-उत्तर प्रदेश की सीमा पर नैनीजोर गांव के समीप गायघाट मौजा की 313.26 एकड़ जमीन पर वर्षों से चले आ रहे अवैध कब्जे का मामला एक बार फिर सामने आया है।
इस जमीन के स्वामित्व को लेकर पिछले 30 से 35 वर्षों से नैनीजोर के विभिन्न गुटों के बीच विवाद और हिंसक टकराव होता रहा है।
अब डुमरांव के अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) ने राजस्व अभिलेखों के अवलोकन के बाद स्पष्ट किया है कि गायघाट मौजा की पूरी जमीन अनाबाद बिहार सरकार की है।
अवैध कब्जा करने वालों पर होगी कार्रवाई
एसडीएम ने चेतावनी दी है कि इस जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर खेती करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति के पक्ष में न्यायालय का आदेश होने पर उसे मान्य किया जाएगा।
इस विवाद के समाधान और हिंसक घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से डुमरांव के एसडीएम राजीव कुमार, एसडीपीओ भास्कर रंजन और अंचलाधिकारी खुशबू खातून ने नैनीजोर थाने में बैठक की।
इसमें गायघाट मौजा की 313.26 एकड़ और सुघर छपरा मौजा की जमीन पर दावा करने वाले पक्षों की बात सुनी गई। अधिकारियों ने घंटों राजस्व अभिलेखों का अवलोकन करने के बाद जमीन की स्थिति स्पष्ट की।
एसडीएम ने बताया कि गायघाट मौजा की पूरी जमीन बिहार सरकार की अनाबाद भूमि है। वहीं, सुघर छपरा मौजा की 42.83 एकड़ जमीन सर्वदेव तिवारी की है।
इस जमीन पर उनके पक्ष में विभिन्न न्यायालयों के फैसले हैं। अन्य दावेदारों को भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का समय दिया गया है। एसडीएम ने कहा कि न्यायालय के आदेश के अनुरूप ही कार्रवाई की जाएगी।
फसल की बुवाई-कटाई के समय गरजती थीं बंदूकें
गायघाट मौजा की उपजाऊ दियारा जमीन पर कब्जे को लेकर हर साल फसल की बुवाई और कटाई के समय तनाव बढ़ जाता था।
कई बार विवाद हिंसक संघर्ष में बदल चुका है। इस जमीन को लेकर गांव के विभिन्न गुटों के बीच करीब तीन से साढ़े तीन दशक से विवाद चला आ रहा है।
इसी वर्ष 4 अप्रैल को भी दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हुआ था। इस दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी।
इसके बावजूद अब तक विवाद का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया था। जमीन पर कब्जे को लेकर तनाव की स्थिति बनने पर प्रशासन की ओर से अक्सर निषेधात्मक कार्रवाई की जाती रही, लेकिन स्वामित्व को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी।
इस मामले से जुड़े कई मुकदमे अब भी विभिन्न न्यायालयों में लंबित हैं। ऐसे में फसल की बुवाई से पहले एसडीएम की ओर से राजस्व अभिलेखों के आधार पर जमीन की स्थिति स्पष्ट किए जाने से विवाद के समाधान और हिंसक घटनाओं पर रोक लगने की उम्मीद जगी है।
उपलब्ध राजस्व अभिलेखों के अनुसार गायघाट मौजा की 313 एकड़ जमीन अनाबाद बिहार सरकार की है। इस पर किसी भी व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से खेती नहीं की जाएगी। अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। अगर किसी के पक्ष में न्यायालय का आदेश होगा तो वह मान्य होगा।
राजीव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, डुमरांव