विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बक्सर में अजीबोगरीब साइबर फ्रॉड: कभी बनवाया ही नहीं ATM कार्ड, फिर भी खाते से उड़े ₹1.40 लाख

Published: Sat, 10 Oct 2026 04:46 PM (IST)

बक्सर के मिथिलेश कुमार के बैंक खाते से बिना एटीएम कार्ड के 1.40 लाख रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने कृष्णाब्रह्म ...और पढ़ें

बक्सर में अजीबोगरीब साइबर फ्रॉड (प्रतीकात्मक तस्वीर)

बक्सर में अजीबोगरीब साइबर फ्रॉड (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. बिना एटीएम कार्ड के खाते से 1.40 लाख रुपये की निकासी।

  2. बक्सर और रांची के एटीएम से हुई धोखाधड़ी वाली निकासी।

  3. पीड़ित ने कृष्णाब्रह्म थाने में अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई FIR।

संवाद सहयोगी, कृष्णाब्रह्म (बक्सर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बड़का ढकाइच गांव निवासी मिथिलेश कुमार के बैंक खाते से तीन किस्तों में 1.40 लाख रुपये की निकासी का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित का दावा है कि उसने कभी एटीएम कार्ड बनवाया ही नहीं था। इसके बावजूद उसके खाते से बक्सर और झारखंड की राजधानी रांची में एटीएम के माध्यम से रुपये निकाल लिए गए। 

मामले में पीड़ित ने कृष्णाब्रह्म थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित का खाता पंजाब नेशनल बैंक की नया भोजपुर शाखा में है। जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर को बक्सर में तथा 22 और 23 सितंबर को रांची से एटीएम के जरिए उसके खाते से रुपये निकाले गए।

1.40 लाख रुपये की निकासी 

लगातार तीन दिनों तक निकासी होने के बावजूद पीड़ित को इसकी जानकारी तत्काल नहीं मिल सकी। 25 सितंबर को मिथिलेश कुमार अपने खाते से रुपये निकालने बैंक पहुंचे। इस दौरान बैंककर्मियों से जानकारी लेने पर पता चला कि उनके खाते से तीन बार में कुल 1.40 लाख रुपये की निकासी हो चुकी है। 

खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलते ही वह हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने कृष्णाब्रह्म थाने पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी में पीड़ित ने बताया है कि उन्होंने कभी एटीएम कार्ड बनवाया ही नहीं था। 

लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही पुलिस

उन्होंने पुलिस को यह भी जानकारी दी कि करीब चार-पांच वर्ष पहले उनका मोबाइल फोन गुम हो गया था। ऐसे में बिना एटीएम कार्ड बनवाए खाते से एटीएम के जरिए रुपये निकाले जाने को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में पुलिस निकासी के स्थानों, संबंधित एटीएम और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। 

थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। निकासी से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बक्सर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, नहर किनारे मिला शव; इलाके में सनसनी