बक्सर में 2.41 करोड़ की लागत से बनेंगे 2 नए स्वास्थ्य केंद्र, गांव वालों को मिलेगा लाभ
बक्सर जिले के चौगाईं और नावानगर प्रखंडों में दो अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (एपीएचसी) के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
बक्सर में दो नए एपीएचसी निर्माण को मिली मंजूरी।
नोखपुर और भदार में 2.41 करोड़ से बनेंगे स्वास्थ्य केंद्र।
ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
जागरण संवाददाता, बक्सर। जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में चौगाईं और नावानगर प्रखंड के दो अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (एपीएचसी) के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमएसआइसीएल) ने दोनों एपीएचसी के लिए कुल 2 करोड़ 41 लाख 65 हजार 920 रुपये के अनुमानित लागत की योजना तैयार की है।
इसमें चौगाईं प्रखंड के नोखपुर और नावानगर प्रखंड के भदार स्थित एपीएचसी शामिल हैं। एक बार निर्माण कंपनी तय होने के बाद इन कार्यों को पूरा करने के लिए छह माह की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
बिहार सरकार के स्वास्थ्य ढांचे से जुड़े इस टेंडर में बक्सर के अलावा राज्य के कई जिलों के एपीएचसी को शामिल किया गया है। कुल 28 समूहों में 146 एपीएचसी के लिए कार्य प्रस्तावित हैं।
अलग-अलग समूहों के लिए काम की अनुमानित लागत और समय-सीमा तय की गई है। कुछ समूहों में छह माह, जबकि बड़े पैकेजों में नौ से 12 माह तक की अवधि निर्धारित की गई है।
अक्टूबर के अंत या नवंबर तक निर्माण कंपनी का चयन होने की उम्मीद है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भवन कार्य के लिए तीन वर्ष की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि भी निर्धारित की गई है।
यानी निर्माण पूरा होने के बाद सामने आने वाली निर्धारित खामियों के लिए संबंधित ठेकेदार की जवाबदेही बनी रहेगी। इन दोनों एपीएचसी से संबंधित कार्य होने के बाद इन क्षेत्रों के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आधारभूत संरचना मिलने की उम्मीद है।
