बिहार: महिला को निर्वस्त्र घुमाने पर बड़ी कार्रवाई, RJD नेता समेत 15 गिरफ्तार
भोजपुर जिले के बिहियां गांव में एक युवक की हत्या की आशंका में एक महिला को निर्वस्त्र कर पीटा और सरेआम घुमाया गया। इस मामले में राजद नेता सहित 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
भोजपुर [जेएनएन]। जिले के बिहियां थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में युवक की हत्या के बाद महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिहियां के रहनेवाले राजद नेता कौशल यादव सहित पंद्रह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही बिहियां के थानेदार रेल पुलिस के थानेदार समेत सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
इन सबकी गिरफ्तारी वीडियो फुटेज एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई है। स्थानीय लोगों तथा चौकीदार ने आरोपियों की पहचान की है और उसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस द्वारा गांव के चौकीदारों और मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का फ्लैग मार्च और छापेमारी जारी है। घटना के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है लेकिन स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
जानिये क्या है पूरा मामला
बता दें कि सोमवार की शाम रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिलने से नाराज ग्रामीणों ने जमकर उत्पात मचाया और बिहियां की कई दुकानों और वाहनों में आग लगा दी। इतना करने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्या के आरोप में रेड लाइट एरिया की एक महिला को सरेआम पीटा और फिर उसके कपड़े फाड़ डाले।महिला को पीटते हुए भीड़ ने उसे निर्वस्त्र सरेआम घुमाया।
मृतक युवक की पहचान विमलेश साव के रूप में हुई थी और भीड़ को शक था कि महिला की भी हत्या में संलिप्तता थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने बीच बाजार में महिला को निर्वस्त्र कर पीटना शुरू कर दिया। महिला रो-रो कर अपनी बेगुनाही की बात कर रही थी, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे।
पुलिस बड़ी मशक्कत के बाद महिला को अपने कब्जे में ले सकी। जख्मी महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भीड़ ने मौके पर पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को करीब दस राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। भाई विमलेश की मौत की सूचना मिलने पर सदमे में उसकी छोटी बहन की भी मौत हो गई।
आरक्षी अधीक्षक ने थानाध्यक्षों समेत आठ पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड
भोजपुर एसपी अवकाश कुमार ने कार्रवाई करते हुए बिहिया थानाध्यक्ष कुंवर प्रसाद गुप्ता और जीआरपी आरा थानाध्यक्ष अशोक कुमार को तत्काल सस्पेंड कर दिया है। घटना के बाद बिहिया पहुंचे भोजपुर एसपी ने बताया कि मामले में लापरवाही बरतने को लेकर उक्त कारवाई की गयी है।