भोजपुर में पानी का कहर; नदी, तालाब और बाढ़ के पानी में डूबने से 3 की मौत
भोजपुर जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान नदी, आहर और बाढ़ के पानी में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई।

शोकाकुल लोग। (जागरण)
HighLights
भोजपुर में 24 घंटे में तीन लोगों की डूबने से मौत।
बाढ़ के पानी, बनास नदी और आहर में हुए हादसे।
मृतकों में युवक, किसान और एक किशोरी शामिल हैं।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग स्थानों पर नदी, आहर और बाढ़ के पानी में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई।
इनमें मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुंधुआं गांव में गुरुवार की शाम बाढ़ के पानी में डूबने से 29 वर्षीय युवक संतोष कुमार की मौत हो गई।
मृतक धुंधुआं गांव निवासी रामजीत राय के पुत्र थे। स्वजन बब्लू कुमार ने बताया कि संतोष गुरुवार की शाम आरा से काम कर राशन का सामान सिर पर लेकर घर लौट रहे थे।
गांव में चारों तरफ बाढ़ का पानी फैला हुआ है। इसी दौरान धुंधुआं गांव के समीप सड़क किनारे बने गड्ढे में पैर फिसल जाने से वे बाढ़ के पानी में गिर गए और गहरे पानी में डूब गए।
कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने घटना की जानकारी स्वजन को दी। ग्रामीणों की मदद से संतोष को पानी से बाहर निकाला गया और सदर अस्पताल ले जाया गया।
वहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।उसकी मां रामावती देवी, पत्नी गुड़िया देवी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बनास नदी में डूबे किसान का शव बरामद
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटकी सनदिया गांव के समीप बनास नदी में डूबे 49 वर्षीय किसान मथुरा यादव का शव गुरुवार की सुबह एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। मृतक छोटकी सनदिया गांव निवासी स्व. यमुना यादव के पुत्र थे।
सनदिया पंचायत के मुखिया हरेंद्र यादव ने बताया कि मथुरा यादव बुधवार को अपनी पत्नी के साथ मवेशियों के लिए चारा लाने खेत गए थे।
लौटने के दौरान वे बनास नदी में गिरकर गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को बुलाया।
टीम ने गुरुवार की सुबह काफी मशक्कत के बाद उनका शव पानी से बाहर निकाला।इधर, पूर्व राजद विधायक अनवर आलम, जिला परिषद सदस्य भीम यादव, युवा नेता रघुपति यादव एवं माले नेता कयामुद्दीन अंसारी सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के स्वजन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। मृतक की पत्नी उषा देवी समेत अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
सहेलियों के साथ नहाने के दौरान आहर में डूबने से किशोरी की मौत
संदेश थाना क्षेत्र के पांडेयपुर गांव स्थित आहर में डूबने से 11 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किशोरी का शव पानी से बाहर निकाला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल, आरा में पोस्टमार्टम कराया।मृत किशोरी पांडेयपुर गांव निवासी कमलेश प्रसाद की पुत्री खुशी कुमारी थी।
वह सातवीं कक्षा में पढ़ती थी। ग्रामीणों के अनुसार, खुशी अपनी सहेलियों के साथ गांव के पश्चिम स्थित आहर में नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गई।
खुशी को डूबता देख साथ नहा रही सहेलियों ने शोर मचाया और भागकर इसकी सूचना उसके स्वजन को दी। खबर मिलते ही स्वजन जन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद ग्रामीणों ने आहर में उसकी तलाश शुरू की।
काफी प्रयास के बाद बुधवार देर शाम किशोरी का शव पानी से बरामद किया गया। खुशी अपने दो भाइयों और दो बहनों में तीसरे स्थान पर थी। मां रीना देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
