घर में सोए किसान को विषैले सांप ने काटा, मौत
आरा। भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत गजियापुर गांव में गुरुवार की अहले सुबह विषैले सांप के काटने से एक किसान की मौत हो गई। स्वजन इलाज के बदले झाड़-फूंक में लगे रहे। जिससे उसकी जान चली गई। मृतक 55 वर्षीय बृज बिहारी यादव गजियापुर गांव के निवासी थे।
आरा। भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत गजियापुर गांव में गुरुवार की अहले सुबह विषैले सांप के काटने से एक किसान की मौत हो गई। स्वजन इलाज के बदले झाड़-फूंक में लगे रहे। जिससे उसकी जान चली गई। मृतक 55 वर्षीय बृज बिहारी यादव गजियापुर गांव के निवासी थे। हादसे के बाद गांव में अफरातफरी मची रही। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, आरा में कराया गया। इसे लेकर पुलिस ने यूडी केस के तहत एफआईआर दर्ज किया है। बताया जाता है कि गजियापुर गांव निवासी बृज बिहारी यादव गुरुवार की सुबह अपने घर में सो रहे थे। इस दौरान अहले सुबह करीब तीन बजे उन्हें विषैले सांप ने काट लिया।इसके बाद हो-हल्ला हुआ तो परिजनों ने उन्हें झाड़-फूंक कराने के लिए बगल के ही मरहां गांव ले गए।लेकिन, कोई सुधार नहीं हो पाया तो परिजनों उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ला रहे थे। इस दौरान उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल,आरा में पोस्टमार्टम करवाया। बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाई व एक बहन में सबसे छोटे थे। मृतक के परिवार में पत्नी सरस्वती देवी,दो पुत्र केदार यादव,अशोक यादव व दो पुत्री रेणु देवी एवं रेखा देवी है। मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। इस हादसे में मौत के बाद मृतक की पत्नी सरस्वती देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।