यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 15, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लापता वार्ड पार्षद के पति और युवक की हत्या
भोजपुर जिला में अलग-अलग स्थानों से लापता एक वार्ड पार्षद के पति समेत दो लोगों की हत्या कर दी गई।

आरा। भोजपुर जिला में अलग-अलग स्थानों से लापता एक वार्ड पार्षद के पति समेत दो लोगों की हत्या कर दी गई। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को नदी में फेंक दिया गया। सोमवार की सुबह लापता युवक का शव आरा शहर के बलबतरा-मारुति नगर नदी एवं वार्ड सदस्य पति का शव सहार के एकवारी आहर से बरामद किया गया। जिसके बाद सनसनी फैल गई। गायब युवक की हत्या गोली मारकर की गई है। वह पेशे से ऑटो चालक था। जबकि, लापता वार्ड सदस्य पति की हत्या मारपीट करने के बाद पानी में डुबोकर व गर्दन दबाकर किए जाने का आरोप है। मारे गए युवक के कनपट्टी व सीने के पास दो जगह गोली के जख्म का निशान पाया गया है। इस दौरान हत्या से आक्रोशित लोगों ने हो-हंगामा भी मचाया। वार्ड सदस्य पति की हत्या में मालगुजारी के पैसा व युवक की हत्या में अंडा दुकान पर उपजे विवाद की बात सामने आ रही हैं। युवक की हत्या में पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार आरा टाउन थाना क्षेत्र के शीतल टोला मुहल्ला निवासी मुन्ना यादव का पुत्र मोहित उर्फ विक्की कुमार (24 वर्ष) 12 जुलाई की रात अपने घर से शिवगंज की ओर जाने के लिए निकला था। जिसके बाद से वह गायब चला आ रहा था । इस दौरान विक्की की कनपट्टी व सीने के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को नदी में फेंक दिया गया। चार दिनों से परिजन खोजबीन कर रहे थे। इस बीच सोमवार की सुबह मारुति नगर-बलबतरा नदी से शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। बाद में सूचना मिलने पर परिजनों समेत सगे-संबंधी भी वहां पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने वहां पहुंच कर शव बरामद किया। जिसके बाद शीतल टोला में तनाव कायम हो गया। पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर चंदन कुमार, गणेश उर्फ खटाई , राजेश उर्फ पप्पू शर्मा तथा निर्मल कुमार को धर दबोचा। घटना से गुस्साए लोगों ने अस्पताल में हो हंगामा भी मचाया। दूसरी ओर, सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव निवासी ग्राम पंचायत की वार्ड सदस्य चिता देवी के पति बिजेंद्र सिंह (52 वर्ष) का भी शव गांव के पश्चिम आहर से बरामद कर लिया गया। इसके बाद यहां भी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सहार पुलिस भी गांव पहुंच गई । परिजन दो दिनों से खोजबीन कर रहे थे। बताया जाता है कि एकवारी गांव निवासी बिजेंद्र सिंह (52 वर्ष) 13 जुलाई को मालगुजारी के बकाया पैसा के लिए जुगुल टोला निवासी कामता नट के यहां गए थे। जिसके बाद से गायब चले आ रहे थे। मृतक के शरीर पर जख्म के गंभीर निशान नहीं पाए गए हैं। हालांकि, आरोप है कि मारपीट करने के बाद आहर में डुबा कर हत्या की गई है। एक रोज पहले बधार से लावारिस हालत में लूंगी व चुनौटी बरामद किया गया था।