यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 26, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिहार के आरा में छात्रा के साथ लाइब्रेरी में सामूहिक दुष्कर्म, वारदात के बाद लड़की की जहर देकर ले ली जान
बिहार के आरा में बड़ी वारदात सामने आई है। यहां पढ़ने के लिए लाइब्रेरी गई एक छात्रा के साथ सामूहिक ...और पढ़ें

HighLights
- घर से पढ़ने के लिए गई थी लाइब्रेरी, दूसरे तल्ले पर वारदात
- वारदात के तीन दिनों बाद हुई प्राथमिकी, मौत के बिंदु पर जांच
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर में पढ़ने के लिए लाइब्रेरी गई एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसकी हत्या किए जाने का बड़ा मामला सामने आया है। घटना हसनबाजार थाना क्षेत्र की है। इसे लेकर छात्रा के बड़े भाई ने संबंधित थाना में लाइब्रेरी संचालक समेत उसके अन्य साथियों के विरुद्ध प्राथमिकी कराई है।
एक आरोपित किया गया गिरफ्तार
सामूहिक दुष्कर्म के बाद जहर देकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया गया है। इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दुष्कर्म कांड में संलिप्त एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी राज के अनुसार पकड़ा गया डीसी यादव हसन बाजार थाना के कातर गांव का निवासी है।
आरोपित ने स्वीकार की संलिप्तता
गिरफ्तार आरोपित ने पूछताछ में दुष्कर्म को लेकर अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। साथ ही कांड में संलिप्त अपने दो और साथियों कातर गांव के विकास यादव एवं बबलू यादव का नाम बताया है। जिनकी भी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी चल रही है। लाइब्रेरी संचालक की भूमिका को लेकर जांच चल रही है।
पुलिस ने जब्त किया सीसीटीवी फुटेज
पुलिस ने साक्ष्य के ताैर पर लाइब्रेरी के पास का सीसीटीवी फुटेज भी जब्त किया है। छात्रा की मौत कैसे हुई इसको लेकर अभी जांच चल रही है। वैसे गलत दवा के डोज से भी मौत होने की संभावना जतायी जा रही है। जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय युवती स्नातक पार्ट टू की छात्रा थी।
22 मई की वारदात, दूसरे तल्ले पर मिली
प्रतिदिन की तरह 22 मई को भी हसनबाजार क्षेत्र स्थित एक लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए आई थी। इस दौरान लाइब्रेरी के दूसरे तल्ले पर स्थित कमरे में तीनों दोस्तों ने सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया था। बाद में सूचना पर स्वजन जब लाइब्रेरी पहुंचे थे, तो छात्रा दूसरे तल्ले के रूम के बाहर गेट के पास अचेत अवस्था में पड़ी थी।
लोग-लाज के डर से पुलिस को नहीं दी सूचना
इसके बाद स्वजन आनन-फानन में उठाकर इलाज के लिए तत्काल एक मेडिकल दुकान पर ले गए थे। मेडिकल संचालक ने पीरो अस्पताल ले जाने की सलाह दी थी। स्वजन इलाज के लिए पीरो ला रहे थे तो रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया था। इसकेे बाद लोक-लाज के डर से पुलिस को सूचना नहीं देकर गांव पर ही शव का दाह-संस्कार कर दिए थे।
पहले से एक आरोपित के संपर्क में थी युवती
पुलिस के शुरूआती जांच में यह बात आ रही कि छात्रा कातर गांव के विकास यादव के संपर्क में थी। पुलिस को छात्रा के मोबाइल से चैटिंग संबंधी साक्ष्य भी मिला है। विकास यादव एवं उसका साथी बबलू दोनों लाइब्रेरी के दूसरे तल्ले के कमरे में रहते थे। घटना के दिन विकास ने ही मैसेज कर उसे बुलाया था। पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर छात्रा का मोबाइल एवं चैटिंग मैसेज भी जब्त किया है।
दुष्कर्म से पहले धोखे से खिलाई गई थी याैनवर्धक दवा
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी बात आ रही कि आरोपितों ने सामूहिक दुष्कर्म के पहले छात्रा को धोखे से याैनवर्धक दवा भी खिलाई थी। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया था। अचेत अवस्था में जब वह मिली थी तो सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। पुलिस भी दवा की डोज से भी मौत की संभावना जता रही है।
