आपसी सौहार्द व सद्भावना का प्रतीक होता है खेल मैदान : मंत्री
कला संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार और जिला प्रशासन भोजपुर के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय वीर कुंवर सिंह
जागरण संवाददाता, आरा : कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार और जिला प्रशासन, भोजपुर के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय वीर कुंवर सिंह मैदान में मंगलवार से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालय हैंडबॉल (बालक) प्रतियोगिता-2019 शुरु हुई। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार के मंत्री प्रमोद कुमार ने ध्वजारोहण का कार्यक्रम का प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि खेल का मैदान आपसी सौहार्द व सछ्वावना का प्रतीक है। विश्व का ये ऐसी जगह है जहां जो दोस्ती होती है अटूट होती है। यहां गहरा संबंध बनता है। खेल का मेडल अथवा ट्रॉफी टूट सकता है। मगर 20 साल बात भी खेल के मैदान से बनी दोस्ती बरकरार रहती है। किसी जगह मिलने पर दोस्त यह जरूर कहता है कि हम लोग साथ खेलते थे। आज बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ उन्हें नौकरी भी केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा दी जा रही है। उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने जल, जीवन व हरियाली के लोगों से एक-एक वृक्ष लगाने की बात कही। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि मैदान में विभिन्न जिलों के खिलाड़ी भले विभिन्न रंग के पोशाक में मौजूद हैं। लेकिन इन सबके अंदर की ही भावना है खेल भावना और जीत की भावना। जितने दिन तक इस प्रतियोगिता में जो भी खिलाड़ी रहे, वह खेल के साथ एक दूसरे के बारे में जाने व दोस्ती करे। साथ ही खेल भावना के साथ खेले। उन्होंने कहा कि शारीरिक विकास में अहम भूमिका निभाता है खेल। बेहतर प्रदर्शन करने पर आज नौकरी मिल रही है। वहीं जिला खेल पदाधिकारी संजय कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और बताया कि प्रतियोगिता में भोजपुर, रोहतास, कैमूर, नालंदा, नवादा, गया, छपरा, सीवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, बेतिया, मोतिहारी समेत 22 जिला के अलावा एक एकलव्य की टीम शामिल हुई है। इसमें लगभग 528 खिलाड़ी और लगभग 69 टीम प्रभारी शामिल हुए हैं। प्रारंभ में विभिन्न जिले से आए खिलाड़ियों का बैंड टीम के साथ मार्च पास्ट हुआ। वहीं सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खिलाड़ी अमरजीत कुमार ने शपथ दिलाई। इस अवसर पर संगीता शिक्षिका कावेरी मोहन और कोरियोग्राफर आशुतोष दीक्षित के निर्देशन में कलाकारों ने गीत-नृत्य प्रस्तुत किया। मंच संचालन ओम प्रकाश पाल ने किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, बिहार राज्य हैंडबॉल संघ के सचिव ब्रज किशोर शर्मा, पूर्व जिप अध्यक्ष हाकिम प्रसाद, इं. संजय कुमार, हैंडबॉल के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी लकी कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे।