खेल-खेल में काल बन गई सोन नदी: नाव डगमगाते ही घबराकर नदी में कूदे बच्चे, बारी-बारी से निकाले गए 4 शव
भोजपुर के संदेश थाना क्षेत्र में सोन नदी में डूबने से दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जिससे गांव में मातम छा गया है।

सोन नदी में हादसे के बाद लगी भीड़। (जागरण)
HighLights
सोन नदी में डूबने से चार लोगों की मौत।
दो सगे भाइयों सहित तीन बच्चे थे शामिल।
भोजपुर के तीर्थकौल गांव में पसरा मातम।
जागरण टीम, आरा/संदेश। भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव के समीप सोन नदी में डूबने से दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
इस हृदयविदारक घटना ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं है। हादसे में जान गंवाने वाला आकाश कुमार दो भाइयों में छोटा था। वह नौवीं कक्षा में पढ़ता था।
वहीं, शिवम उर्फ सिद्धांत कुमार दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। वह छठी कक्षा का छात्र था। प्रेम कुमार भी नौवीं कक्षा में पढ़ता था।
पांच वर्षीय बेटे के सिर से उठा पिता का साया
हादसे में सुधीर कुमार की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सुधीर दो भाइयों में बड़े थे। उसके छोटे भाई का नाम सूरज कुमार और बहन का नाम अंजली कुमारी है।
सुधीर की पत्नी उषा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सुधीर अपने पीछे पांच वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार को छोड़ गया है। परिवार के सदस्यों को बिलखते देख हर किसी की आंखें नम हो जा रही हैं।
नाव के डगमगाने से गहरे पानी में कूद पड़े बच्चे
साथ में स्नान कर रहे पवन कुमार ने बताया कि सभी बच्चे एक नाव पर सवार थे। नाव कम पानी वाले हिस्से से गहरे पानी में पहुंची तो डगमगाने लगी।
इससे घबराकर बच्चे नदी में कूदने लगे। पवन ने बताया कि वह सबसे पहले कम पानी वाले हिस्से में कूद गया, जबकि सुजीत और मनीष नाव पर ही रुके रहे।
नाव बहते हुए नदी के दूसरे किनारे पहुंच गई, जहां दोनों सुरक्षित उतर गए। बाद में पवन दोनों को नाव से उतारकर छिछले पानी के रास्ते वापस लाया। वहीं, आकाश, प्रेम, सिद्धांत और सुधीर गहरे पानी में चले गए।
महाजाल और गोताखोरों की मदद से तलाश
घटना की सूचना मिलते ही संदेश के बीडीओ बिनेश कुमार, और थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस पदाधिकारियों व बल के साथ मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों और चिल्होस से आए गोताखोरों की मदद से महाजाल डालकर डूबे लोगों की तलाश शुरू की गई। काफी देर तक सफलता नहीं मिलने पर पुलिस ने सुरक्षित बचे पवन कुमार को खोजकर मौके पर बुलाया। इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे चारों के शव बारी-बारी से नदी से बरामद किए गए।
अस्पताल लाने पर डॉक्टर ने कर दिया मृत घोषित
स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहले ही दो एंबुलेंस मौके पर भेज दी गई थीं। शवों को एंबुलेंस से संदेश रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्रभारी चिकित्सक और मेडिकल टीम ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सभी शव आरा सदर अस्पताल भेज दिए गए। अस्पताल में सीओ शम्मी कुमार और राजस्व कर्मी नवनीत कुमार भी पहुंचे। पुलिस पदाधिकारी और थानाध्यक्ष शवों के साथ आरा रवाना हुए।
एक ही परिवार के दो भाइयों के परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
सोन नदी हादसे में तीर्थकौल गांव निवासी विनोद शर्मा और मिंटू शर्मा के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मिंटू शर्मा व विनोद शर्मा दोनों भाई है।
मिंटू शर्मा दो बेटों प्रेम व सिद्धांत की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विनोद शर्मा के एक पुत्र आकाश की जान गई है। एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत की खबर सुनकर तीर्थकौल सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष घटनास्थल पर जुट गए।
