भोजपुर में सोन नदी में डूबने से चार की मौत, तीन बच्चों को बचाने कूदा युवक भी नहीं बचा
भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र में सोन नदी में नहाने के दौरान हुए हादसे में चार लोगों की मौत ...और पढ़ें

चारों लोगों की मौत से टूटा परिवार
HighLights
सोन नदी में नहाते समय तीन बच्चे डूबे।
बच्चों को बचाने उतरे युवक की भी मौत।
संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव के पास हादसा।
जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव के समीप सोन नदी में डूबने से तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई।
हादसा शनिवार को उस समय हुआ, जब गांव के सात बच्चे नदी की ओर गए थे। नहाने के दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने की कोशिश में नदी में उतरा सुधीर कुमार (25 वर्ष) भी डूब गया।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण जुटे और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी गई। काफी प्रयास के बाद चारों के शव बरामद कर लिए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।
बच्चों को बचाने नदी में कूदे सुधीर की भी मौत
जानकारी के अनुसार, तीर्थकौल गांव के सात बच्चे सोन नदी की ओर गए थे। नहाने के दौरान आकाश कुमार, प्रेम कुमार और सिद्धांत कुमार गहरे पानी में चले गए।
बच्चों के डूबने की खबर पर शोर सुनकर सुधीर कुमार उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े, लेकिन वह भी गहरे पानी में डूब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों की मदद से चारों की खोजबीन की गई। बाद में सभी शव बरामद कर लिए गए।
मृतकों की पहचान, गांव में पसरा मातम
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान तीर्थकौल गांव निवासी आकाश कुमार (15 वर्ष), पिता विनोद शर्मा; प्रेम कुमार (10 वर्ष), पिता मिंटू शर्मा; और सिद्धांत कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, चौथे मृतक सुधीर कुमार (25 वर्ष), पिता अरविंद यादव थे।
एक ही गांव के तीन बच्चों और उन्हें बचाने पहुंचे युवक की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस-प्रशासन ने शुरू की आगे की प्रक्रिया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी। संदेश प्रखंड के बीडीओ बिनेश कुमार और थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। शव बरामद होने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
