बाइक चोरी के विवाद को लेकर झड़प, दो की पिटाई
टाउन थाना क्षेत्र के नगर निगम पानी टंकी के समीप गुरुवार की सुबह बाइक चोरी के विवाद को लेकर दो सगे भाइयों की पिटाई कर दी गई।
आरा। टाउन थाना क्षेत्र के नगर निगम पानी टंकी के समीप गुरुवार की सुबह बाइक चोरी के विवाद को लेकर दो सगे भाइयों की पिटाई कर दी गई। जिसमें दोनों जख्मी हो गए। इसके बाद उनका इलाज सदर अस्पताल,आरा में कराया गया।जानकारी के अनुसार हमले में नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग निवासी राजू कुमार यादव एवं साहिल यादव को चोटें आई है। जख्मी राजू कुमार यादव ने बताया कि उनकी बाइक बुधवार की देर रात दरवाजे के पास से चोरी हो गई थी। सुबह होने पर जानकारी मिली। इसके बाद वे बाइक की खोजबीन करने लगे।उसी दौरान एक अन्य व्यक्ति से उन्हें सूचना मिली कि नगर निगम में स्थित पानी टंकी निवासी एक युवक पास उनकी बाइक है। जिसको लेकर वे पूछताछ करने वहां पहुंच गए। इस बीच चोरी संबंधी आरोप लगाए जाने को लेकर दो पक्षों के बीच नोकझोंक हो गई।देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। जिसके बाद दोनों सगे भाइयों की पिटाई कर दी गई।जिससे दोनों जख्मी हो गए। इसके बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लाया गया। झड़प को लेकर काफी देर अफरातफरी मची रही।