आरा के इस प्रखंड में खुलेगा डिग्री कॉलेज, बिहार सरकार ने जारी की सूची
संदेश प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने के राज्य सरकार के फैसले से क्षेत्र में खुशी की लहर है। यह निर्णय ...और पढ़ें

बजट भाषण पढ़ते हुए वित्त मंत्री। फाइल फोटो
HighLights
संदेश में डिग्री कॉलेज खुलने से छात्राओं को मिलेगा लाभ।
उच्च शिक्षा के लिए अब दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए यह एक ऐतिहासिक कदम।
संवाद सूत्र, संदेश (आरा)। प्रखंड मुख्यालय संदेश में डिग्री कॉलेज खोले जाने के राज्य सरकार के फैसले से क्षेत्र में खुशी की लहर है। वर्षों से उच्च शिक्षा संस्थान की कमी से जूझ रहे ग्रामीण इलाकों के लिए यह फैसला अहम है।
खासकर इंटर पास करने वाली छात्राओं और उनके अभिभावकों में उत्साह है। अब छात्राओं की पढ़ाई बीच में छूटने की आशंका कम हो जाएगी। उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए आरा, पटना या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
बजट में हर प्रखंड में एक डिग्री कॉलेज की नीति के तहत राज्य सरकार ने उन प्रखंडों की सूची जारी की है, जिनमें निकट भविष्य में डिग्री कॉलेज खोला जाना है। उस सूची में संदेश प्रखंड का भी नाम है।
यहां लंबे समय से एक कॉलेज की मांग उठ रही थी। अभी यहां के बच्चे इंटर के बाद उच्च शिक्षा के लिए आरा आते हैं। रोजाना 25 किलोमीटर दूर आकर पढ़ाई करना खासतौर पर लड़कियों के लिए मुश्किल होता है। सरकार के फैसले के बाद छात्राओं और अभिभावकों ने खुशी जताई।
इंटर पास करने के बाद आगे की पढ़ाई को लेकर हमेशा असमंजस की स्थिति रहती थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बाहर जाकर पढ़ना संभव नहीं था। संदेश में डिग्री कॉलेज खुलने से गांव की बेटियों को नया हौसला मिलेगा। -प्रिया कुमारी।
अब उन्हें रोज लंबी दूरी तय करने या किराये के कमरे में रहने की मजबूरी नहीं होगी, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी, वे लोग पढ़ाई पर ध्यान फोकस कर सकेंगी। -सोनाली कुमारी
प्रखंड में कॉलेज खुलने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी बेहतर माहौल मिलेगा, अभी तो इतना दूर कॉलेज जाने में ही समय बर्बाद हो जाता है। -वैष्णवी कुमारी।
मेरा शिक्षिका बनने का सपना है, लेकिन इंटर के बाद पढ़ाई की चिंता थी, अब वे स्नातक की पढ़ाई पूरी कर शिक्षिका बनने का सपना साकार कर सकेंगी। -ब्यूटी कुमारी।
बेटियों को दूर पढ़ने भेजने में सुरक्षा और खर्च दोनों की चिंता बनी रहती थी। स्थानीय क्षेत्र में कॉलेज खुलने से यह बड़ी समस्या खत्म होगी। -भोलाशरण सिंह, अभिभावक।
सरकार का यह निर्णय ग्रामीण शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम है, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास होगा और बेटियों के लिए यह वरदान साबित होगा। -प्रो. देवेंद्र कुमार।
सरकार जल्द से जल्द भवन निर्माण, शिक्षकों की नियुक्ति और नामांकन प्रक्रिया शुरू कराए, ताकि आगामी सत्र से पढ़ाई आरंभ हो सके। -चंदेश्वर सिंह।
संदेश क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की मांग की जा रही थी। इस फैसले से अब बेटियों की उच्च शिक्षा का रास्ता आसान हो जाएगा। कॉलेज का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा हो और जल्द से जल्द शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हों। -राहुल कुमार।
