भोजपुर में पिंक बस की सौगात: मात्र 9 रुपये से शुरू है किराया, दिन में लगाएगी 2 चक्कर
भोजपुर में महिलाओं के लिए पहली बार पिंक बस सेवा शुरू की गई है, जो आरा से सिन्हा के बीच संचालित हो रही है।
-1787414942685_m.webp)
पिंक बस सेवा। (जागरण)
HighLights
भोजपुर में महिलाओं के लिए पहली पिंक बस सेवा शुरू।
आरा-सिन्हा रूट पर सीएनजी बस का परिचालन जारी।
किराया मात्र 9 रुपये से शुरू, सुरक्षित यात्रा का विकल्प।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर की महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में नई सुविधा की शुरुआत हुई है। शहरों की तर्ज पर जिले में पहली बार केवल महिला यात्रियों के लिए पिंक बस सेवा शुरू की गई है।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से उपलब्ध कराई गई सीएनजी पिंक बस का फिलहाल आरा से सिन्हा के बीच परिचालन किया जा रहा है।
शुरुआती चरण में बस का दो राउंड परिचालन कराया जा रहा है। ट्रायल सफल रहने पर इसकी सेवा को बढ़ाकर प्रतिदिन तीन राउंड करने की योजना है।
इससे आरा शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सिन्हा की ओर आने-जाने वाली महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा।
वर्तमान में पिंक बस आरा से सिन्हा के बीच चार निर्धारित स्टॉपेज पर रुक रही है। इन स्टॉपेज से महिला यात्रियों को बस में चढ़ने और उतरने की सुविधा मिल रही।
बस सेवा का किराया भी दूरी के अनुसार निर्धारित किया गया है। आरा से सिंडीकेट तक नौ रुपये, गांगी तक 15 रुपये, पीरौटा तक 18 रुपये, सरैया तक 21 रुपये और सिन्हा तक 31 रुपये किराया निर्धारित है।
कम किराये में उपलब्ध यह सेवा छात्राओं, कामकाजी महिलाओं और अन्य महिला यात्रियों के लिए खास तौर पर उपयोगी साबित हो सकती है।
आरा बस डिपो की प्रतिष्ठान अधीक्षक के अनुसार, पहले चरण में सेवा की उपयोगिता और यात्रियों की संख्या का आकलन किया जा रहा है।
पर्याप्त संख्या में महिला यात्रियों के इस्तेमाल और परिचालन सफल रहने पर राउंड बढ़ाने के साथ अन्य मार्गों पर भी पिंक बस सेवा का विस्तार किया जा सकता है। इससे जिले में महिलाओं के लिए सुरक्षित, नियमित और किफायती सार्वजनिक परिवहन का दायरा बढ़ने की उम्मीद है।
सुबह से दोपहर तक दो राउंड, समय भी निर्धारित
पिंक बस के पहले राउंड में आरा से सुबह 8:20 बजे बस खुलेगी और निर्धारित स्टॉपेज पर रुकते हुए सुबह 9:40 बजे सिन्हा पहुंचेगी।
इसके बाद सिन्हा से सुबह 10:10 बजे बस वापस आरा के लिए रवाना होगी और 11:10 बजे आरा पहुंचेगी। दूसरे राउंड में आरा से सुबह 11:30 बजे बस चलेगी और दोपहर 12:35 बजे सिन्हा पहुंचेगी। सिन्हा से दोपहर एक बजे वापसी शुरू होगी और निर्धारित स्टॉपेज से महिला यात्रियों को लेते हुए दोपहर दो बजे आरा पहुंचेगी।
सोमवार से एक और बस मिलने की संभावना, नए रूट की तलाश
परिवहन निगम की ओर से भोजपुर को महिला यात्रियों के लिए दो पिंक बसों की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है। फिलहाल एक बस का आरा-सिन्हा मार्ग पर परिचालन शुरू किया गया है।
सोमवार से दूसरी पिंक बस भी मिलने की संभावना है। दूसरी बस उपलब्ध होने के बाद जिले में किसी अन्य महिला बहुल और अधिक यात्री दबाव वाले रूट पर इसका परिचालन शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए परिवहन विभाग नए रूट की तलाश कर रहा है।
