बिहिया को सूखाग्रस्त घोषित नहीं करना किसानों के साथ बेइमानी : विधायक
संवाद सूत्र, शाहपुर (भोजपुर) : शाहपुर विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी ने बिहियां
संवाद सूत्र, शाहपुर (भोजपुर) : शाहपुर विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी ने बिहियां प्रखंड को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग सरकार व प्रशासन से की है। उन्होंने कहा कि यह तो बिहिया प्रखंड के किसानों के साथ बेमानी होगी कि इस प्रखंड को सूखाग्रस्त घोषित नहीं किया गया। क्योंकि प्रखंड के किसान सूखा के कारण अपनी फसलों को लगभग बर्बाद होते देख रहे हैं। धान के खेत सूख गए हैं। पटवन का कोई इंतजाम नहीं है। ना ही नहर का पानी आ रहा है और ना ही सरकारी विभाग के नलकूप उनका साथ दे रहे है। क्योंकि ज्यादातर नलकूप बिजली दोष या यांत्रिक दोष के कारण बंद पड़े हुए हैं। आखिरकार किसान थक हारकर धान के खेतों का पटवन बंद कर चुके हैं। विधायक ने कहा कि किसान अब यह सोच रहे हैं धान की फसलों से जो आय हो सकती है उसे ज्यादा तो उस पर लागत मूल्य ही बैठ रहा है। इस तरह की खेती करने से क्या फायदा होगा। ऐसी स्थिति में सरकार और प्रशासन भी उनके साथ दोहरा रवैया अपनाते हैं तो किसानों को भूखों मरने की नौबत आ सकती। इसलिए बिहिया प्रखंड में जिस तरह के मौसम में बेरुखी दिखाई दे रही है। उसे पूरे जिले को ही सूखा घोषित कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ कोई धोखा कैसे कर सकता है।