विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM आवास में बड़ा एक्शन, नए घरों का लक्ष्य; आरा में अधूरा आवास छोड़ने वालों से होगी वसूली

Published: Sat, 28 Nov 2026 03:44 PM (IST)

कोईलवर प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2180 नए आवासों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए 10 दिसंबर से रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। प्रशासन अधूरे आवासों को लेकर सख्त है और काम पूरा न करने वाले लाभुकों से सरकारी राशि की वसूली की जाएगी।

2031 लाभुकों ने पूरा किया आवास निर्माण

2031 लाभुकों ने पूरा किया आवास निर्माण

HighLights

  1. कोईलवर में 2026-27 के लिए 2180 नए आवासों का लक्ष्य।

  2. 10 दिसंबर से रजिस्ट्रेशन शुरू, आधार-बैंक लिंक अनिवार्य।

  3. अधूरे आवासों पर सख्त कार्रवाई, सरकारी राशि की वसूली होगी।

संवाद सूत्र, कोईलवर (भोजपुर)। प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 2180 नए आवास निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रखंड प्रशासन ने लाभुकों के रजिस्ट्रेशन की तैयारी शुरू कर दी है। बीडीओ वीर बहादुर पाठक ने बताया कि सभी संबंधित लाभुकों को 10 दिसंबर तक आवश्यक कागजात तैयार करने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद 10 दिसंबर से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू होगी।

रजिस्ट्रेशन के लिए आधार से बैंक खाता लिंक जरूरी

बीडीओ ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के लिए जॉब कार्ड और एनपीसीआई के तहत आधार से बैंक खाता लिंक होना अनिवार्य है। लाभुकों को इससे संबंधित जरूरी प्रक्रिया समय पर पूरी करने को कहा गया है। वहीं, आवास सहायकों को घर-घर जाकर लाभुकों का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है, ताकि पात्र लाभुकों का रजिस्ट्रेशन समय पर सुनिश्चित किया जा सके।

3067 आवास के लक्ष्य के विरुद्ध 3044 को मिली पहली किस्त

वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में प्रखंड में कुल 3067 आवास निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इनमें 3044 लाभुकों को पहली किस्त का भुगतान किया जा चुका है, जबकि 23 लाभुकों का भुगतान एनपीसीआई से जुड़ी समस्या के कारण अटका हुआ है। प्रशासन की ओर से भुगतान संबंधी समस्या दूर करने की प्रक्रिया की जा रही है।

2031 लाभुकों ने पूरा किया आवास निर्माण

बीडीओ के अनुसार, अब तक 2031 लाभुकों ने अपने आवास का निर्माण पूरा कर लिया है। शेष लाभुकों को जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया जा रहा है। इसके लिए संबंधित लाभुकों को नोटिस जारी करने की तैयारी है, ताकि लंबित आवासों का निर्माण निर्धारित समय में पूरा कराया जा सके।

365 लाभुकों ने दूसरी किस्त के अनुरूप नहीं कराया काम

प्रखंड में 365 लाभुक ऐसे हैं, जिन्होंने दूसरी किस्त के अनुरूप निर्धारित निर्माण कार्य पूरा नहीं किया है। वहीं, 598 लाभुकों ने तीसरी किस्त प्राप्त करने के लिए जरूरी छत निर्माण का कार्य पूरा नहीं किया है। ऐसे लाभुकों को चिह्नित कर निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया जाएगा।

सफेद और लाल नोटिस जारी कर दी जाएगी चेतावनी

अधूरे आवासों को लेकर प्रशासन अब सख्ती बरतने की तैयारी में है। संबंधित लाभुकों को आवास निर्माण पूरा करने के लिए सफेद और लाल नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस के माध्यम से उन्हें निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया जाएगा।

सरकारी राशि की होगी वसूली

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नोटिस जारी होने के बावजूद जो लाभुक आवास निर्माण पूरा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लाभुकों से सरकारी राशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।