तिलक में गए युवक की हत्या
भोजपुर के कृष्णागढ़ थाना के जगतपुर गांव में मंगलवार की देर रात तिलक समारोह में गए एक ग्रामीण की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।
आरा। भोजपुर के कृष्णागढ़ थाना के जगतपुर गांव में मंगलवार की देर रात तिलक समारोह में गए एक ग्रामीण की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बुधवार की सुबह गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर से ग्रामीण का शव बरामद किया गया। मृतक के चेहरे, नाक व सिर के ऊपरी भाग पर जख्म के गहरे निशान पाए गए हैं। इधर, हत्या के बाद बुधवार की सुबह आक्रोशित ग्रामीण शव के साथ सड़क पर उतर आए। इसके बाद सारसीवान बाजार के समीप सरैया-बलुआ पथ को जामकर घंटों बवाल काटा। सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीण अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सदर एसडीपीओ पंकज कुमार के आश्वासन पर सड़क जाम हटाया गया। मृतक धर्मेंद्र कुमार कुशवाहा (35वर्ष) जगतपुर गांव निवासी शिव कुमार कुशवाहा का पुत्र था। वह पेशे से मजदूर था। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन कर रही है। हत्या की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की भी सूचना नहीं है।
कृष्णागढ़ थाना के जगतपुर गांव निवासी नंदलाल कहार के पुत्र राकेश कुमार का मंगलवार की रात तिलक आया था। जिसमें मजदूरी करने के लिए धर्मेंद्र कुशवाहा भी गया था। इसी दौरान रात बारह बजे के बाद हथियारबंद बदमाशों ने धारदार हथियार से गोदकर धर्मेन्द्र पासवान की हत्या कर दी। गांव के ही उत्क्रमित मध्य विद्यालय के कैंपस में शव को लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए। बुधवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे शव बरामद होने के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।