यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 15, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
खेत पर गए किसान की हत्या
भोजपुर जिला के चरपोखरी थाना क्षेत्र अन्तर्गत कोयल गांव में सोमवार को एक किसान की धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी गई।

आरा। भोजपुर जिला के चरपोखरी थाना क्षेत्र अन्तर्गत कोयल गांव में सोमवार को एक किसान की धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गए। बाद में मारे गए किसान का शव बरामद किया गया। मृतक संतोष राय (50 वर्ष ) कोयल गांव निवासी रामाशीष राय के पुत्र थे। हत्या की इस घटना को पूर्व से चली आ रही रंजिश के साथ-साथ भूमि विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। हत्या को लेकर गांव में करीब एक-डेढ़ घंटे तक कोहराम मच रहा। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसे लेकर दो गुटों के बीच तनाव गहरा गया है। बताया जा रहा कि कोयल गांव निवासी किसान संतोष राय अपने गांव के उत्तर बधार में कृषि कार्य के लिए गए थे। इस बीच पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से मारकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को खेत में फेंक दिया। बाद में जब किसान घर वापस नहीं लौटा तो परिजन परेशान हो गए। गांव के ही कुछ किसान खेती का कार्य करने बधार जा रहे थे तभी खेत में पड़े संतोष राय के शव पर नजर पड़ी। सिर से खून निकल रहा था। इसके बाद गांव में सनसनी फैल गई। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही चरपोखरी एसआई ओमप्रकाश कुमार सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन एवं परिजनों से पूछताछ कर रही है।
----------------
पिछले महीने जेल से जमानत पर छूटकर आया था संतोष
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चरपोखरी थाना क्षेत्र के कोयल गांव में पूर्व से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर करीब फरवरी महीने दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना घटित हुई थी। जिसे लेकर केस हुआ था। जिसमें संतोष राय जेल गया था। हालांकि, वह जून महीने में जमानत पर छूटकर बाहर आया हुआ था। इस बीच सोमवार को जब वह कृषि कार्य के लिए गया हुआ था कि इसी दौरान योजनबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर दी गई। रात नौ बजे तक पुलिस कानूनी प्रक्रिया में लगी रही।
----
इकलौते पुत्र के सिर से उठा पिता का साया
चरपोखरी थाना क्षेत्र के कोयल गांव में संतोष राय की हत्या के बाद इकलौते पुत्र श्रीमन नारायण राय के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इधर, खबर लिखे जाने तक चरपोखरी पुलिस पूछताछ कर हमलावरों के बारे में पता लगा रही थी। देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। पुलिस के अनुसार प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।