अनियंत्रित बस ने बालक को रौंदा, हालत गंभीर
चरपोखरी थाना क्षेत्र अन्तर्गत आरा-सासाराम पथ पर नगरी बाजार के समीप रविवार की सुबह अनियंत्रित बस ने एक बालक को रौंद दिया।
आरा। चरपोखरी थाना क्षेत्र अन्तर्गत आरा-सासाराम पथ पर नगरी बाजार के समीप रविवार की सुबह अनियंत्रित बस ने एक बालक को रौंद दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। दुर्घटना में घायल बालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर है। जख्मी 10 वर्षीय बालक छोटू कुमार नगरी गांव निवासी रामबच्चन राम का पुत्र है। बताया जाता हैं कि छोटू के पिता रामबच्चन राम का नगरी बाजार पर फल की दुकान है। रविवार सुबह छोटू कुमार भी पिता की दुकान पर गया हुआ था।उसी दौरान दशहरा मेला को लेकर भीड़ थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बस ने बच्चे को रौंद दिया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए पहले चरपोखरी पीएचसी ले जाया गया। जहां ,प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल ,आरा रेफर कर दिया गया। हादसे को लेकर भीड़ लगी रही।