बंदूक की नोक पर चार युवकों ने नाबालिग से किया सामूहिक दुष्कर्म, FIR दर्ज
आरा जिले में एक आठवीं की छात्रा से बंदूक की नोंक पर चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और फरार हो गए। किशोरी ने चारों के खिलाफ एफअाइआर दर्ज करायी है।
भोजपुर [जेएनएन]। जिले में एक नाबालिग किशोरी के साथ बंदूक के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना पीरो थाना अन्तर्गत हसनबाजार ओपी क्षेत्र की है। इसे लेकर शनिवार को आरा के महिला थाना में तीन नामजद समेत चार के विरूद्ध केस दर्ज कराया गया है।
सामूहिक दुष्कर्म की शिकार किशोरी का मेडिकल जांच, शनिवार को ही संध्या समय सदर अस्पताल,आरा में कराया गया। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। दूसरी आेर, पुलिस के अनुसार एफआइअार में बंदूक के बल पर घटना को अंजाम दिए जाने संबंधी आरोप का जिक्र नहीं है। मामले की छानबीन की जा रही है।
सामूहिक दुष्कर्म की शिकार किशोरी आठवीं की छात्रा बताई जा रही है। प्राथमिकी में हसनबाजार ओपी के नारायणपुर निवासी छोटू उर्फ संतोष चौधरी, शेखर चौधरी एवं अनुराग चौधरी के अलावा कातर गांव के एक अज्ञात को आरोपी बनाया गया है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा कि पीरो के हसनबाजार ओपी क्षेत्र निवासी किशोरी शुक्रवार की रात बिक्रमगंज थाना क्षेत्र निवासी अपने दो दोस्तों के साथ पैसेंजर ट्रेन से आरा जा रही थी। तीनों हसनबाजार से पैसेंजर ट्रेन पर सवार हुए थे।
नाबालिग किशोरी के अनुसार ट्रेन में सफर के दौरान हसनबाजार ओपी के नारायणपुर गांव निवासी अनुराग चौधरी उसे मिला। जिसके बाद उसने घर से भागने संबंधी आरोप लगाकर गड़हनी में ट्रेन से नीचे उतार दिया। इसके बाद उसने बाइक से कातर गांव के एक दोस्त को बुलाया। दोनों बाइक से उसे नारायणपुर की ओर ले गए।
इस दौरान छोटू चौधरी एवं शेखर चौधरी भी कार से आए गए। चारों उसे कार में बैठाकर नारायणपुर शमशान घाट की ओर ले गए। इसके बाद उसके साथ बंदूक के बल पर जबरन दुष्कर्म किया।