बिहार में एक और महिला से सामूहिक दुष्कर्म, विरोध करने पर इतना पीटा कि हो गई मौत
बिहार के भोजपुर में एक महिला की सामूहिक दुष्कमर्म के बाद हत्या कर दी गई। दुष्कर्म के दौरान विरोघ करने पर अपराधियों ने महिला को बेरहमी से पीटा।
भोजपुर [जेएनएन]। बिहार में आए दिन दुष्कर्म की वारदातों से दहशत का माहौल है। ताजा मामला भोजपुर का है। वहां एक महिला की हत्या सामूहिक दुष्कर्म का विरोध करने पर कर दी गई। अपराधियों ने उसे बेरहमी पूर्वक पिटाई कर खेत में फेंक दिया था। बाद मेंं घायल महिला ने रविवार को सदर अस्पताल (आरा) में इलाज केे दौरान दम तोड़ दिया।
घायल अवस्था में पड़ी मिली महिला
मिली जानकारी के अनुसार भोजपुर के पवना थाना क्षेत्र के खोपीरा-मनियक्ष गांव के बधार में घायल अवस्था में एक महिला पड़ी मिली। उसके चेहरे एवं कान के पास जख्मों के निशान पाए गए। बाद में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है।
परिचित पर वारदात की आशंका
महिला शनिवार की शाम से लापता थी। परिजनों ने बताया कि शाम सात बजे तीन लोग आए थे। जिनके साथ वह गई थी। उसके बाद से वह गायब थी। इससे लग रहा है कि वारदात को महिला के किसी जानने वाले ने अंजाम दिया होगा।