आपसी भाईचारा और सद्भाव का प्रतीक है होली
शहर में विभिन्न संस्थानों के बैनर तले जगह-जगह होली मिलन समारोह आयोजित किया गया।
आरा। शहर में विभिन्न संस्थानों के बैनर तले जगह-जगह होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया और होली की बधाई दी। वहीं होली गीतों पर लोग खूब झूमें। भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान के बैनर तले भिखारी ठाकुर प्रतिमा स्थल पर होली मिलन सह मूर्खाधिराज सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें वयोवृद्ध रंगकर्मी रामाज्ञा राम, धनजी पांडेय, झगड़ तिवारी, कौशलेन्द्र कुमार, प्रमोद राम आदि ने अपने गीतों से लोगों को खूब झूमाया। इस अवसर पर उप महापौर पुष्पा कुशवाहा ने कहा कि होली का त्योहार आपसी भाईचारा और सद्भाव का प्रतीक है। अश्लील गीतों का बहिष्कार किया जाना चाहिए। इं. संजय शुक्ला ने कहा कि होली के मौके पर मन के अंदर की गंदगी निकाल देनी चाहिए। संस्था के सचिव पुष्पेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि इस अवसर पर हमें शहीदों के परिवार को सम्मान देना चाहिए। मंच संचालन पत्रकार नरेन्द्र सिंह, डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा और नीरज नीर ने किया। कार्यक्रम में डॉ. किरण कुमारी, उमेश सुमन, निर्मल सिंह, डॉ. अनिल सिंह, नवीन पांडेय, अमरेश सिंह, पल्लवी समेत अन्य लोग मौजूद थे। चित्रगुप्त परिवार द्वारा डॉ. सतीश कुमार के आवास पर होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर होली गीतों को प्रस्तुत किया गया। साथ ही अबीर-गुलाल एक दूसरे को लगाया गया। कार्यक्रम में राकेश रंजन प्रसाद सिन्हा, सह सचिव रवि सिन्हा, डॉ. सतीश कुमार सिन्हा, पंकज कुमार, डॉ. अमर्त्य सेन, डी. राजन, डॉ. अशोक कुमार सिन्हा, डॉ. अरविन्द कुमार, चंदन श्रीवास्तव, सच्चिदानंद सहाय, मुकुल विकास श्रीवास्तव आदि मौजूद थे। सेंट आगस्टीन डे एण्ड प्ले स्कूल, रामपुर मिल्की में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें बच्चों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया। इस मौके पर प्राचार्या सुनीता पांडेय ने कहा कि होली आपसी भाईचारा और सौहार्द का पर्व है। इसमें जो लोग रंग नहीं लगवाना चाहते हैं, उन्हें रंग न लगाए। कोई भी ऐसा कार्य न करें जिससे खुशी के मौके पर किसी को नाराजगी हो। इस अवसर पर निदेशक नवीन पांडेय, शिक्षिका निसरत जहां समेत अन्य लोग मौजूद थे। कानू वैश्य सभा द्वारा जेपी प्रतिमा स्थल होली मिलन समारोह जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शांति व सौहार्द के साथ होली मनाने पर बल दिया गया। मंच संचालन नरेश प्रसाद ने किया। कार्यक्रम में पूर्व सचिव डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष हरिश्चन्द्र साह, श्याम नाथ साह, प्रेमचंद गुप्ता, रामेश्वर प्रसाद, मुन्ना जी आदि मौजूद थे।