आरा में खूनी खेल: स्पेशल ब्रांच के हवलदार के बेटे को खेत तक दौड़ाकर मारी गोली, दोस्त गंभीर; पुरानी रंजिश का शक
आरा के भोजपुर जिले में गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बामपाली बांध के पास हथियारबंद बदमाशों ने एक हवलदार के बेटे समेत दो युवकों को गोली मार दी।

स्पेशल ब्रांच के हवलदार के बेटे को खेत तक दौड़ाकर मारी गोली
HighLights
भोजपुर में हवलदार पुत्र समेत दो युवकों को गोली मारी।
रीतिक सिंह की मौत, दोस्त युवराज गंभीर रूप से घायल।
पुरानी रंजिश के चलते वारदात, पुलिस कर रही जांच।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बामपाली बांध के समीप गुरुवार की शाम हथियारबंद बदमाशों ने एक हवलदार पुत्र समेत दो युवकों को गोली मार दी।
इसमें हवलदार पुत्र की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय रीतिक सिंह के रूप में हुई है। वह टाउन थाना क्षेत्र के देवनगर, मझौवां निवासी हरेंद्र सिंह का पुत्र था। उसके पिता स्पेशल ब्रांच में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं।
वहीं, गोली लगने से घायल उसका दोस्त युवराज बताया जा रहा है। वह धोबहां थाना क्षेत्र के देवढ़ी गांव का निवासी है। घायल युवक का इलाज आरा के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
बामपाली बांध से खेत तक दौड़ाकर मारी गोली
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने युवकों का पीछा किया और बामपाली बांध से खेत तक दौड़ाकर गोली मारी। गोली लगने से रीतिक सिंह की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त युवराज गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक भी जब्त की है।
पुरानी रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को लेकर वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस के अनुसार, हमलावर युवकों के परिचित बताए जा रहे हैं। पूर्व में विवाद को लेकर पंचायती होने और इसके बाद प्रतिशोध में हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर सदर डीएसपी सुशील कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। एसपी के निर्देश पर पुलिस की टीम आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। पुलिस आपसी रंजिश समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।