गूगल मैप के चक्कर में मुसीबत में फंसा ट्रक चालक, भोजपुर में ग्रामीणों को भी हुआ नुकसान
गूगल मैप के भरोसे महाराष्ट्र से छपरा जा रहा गुड़ लदा एक ट्रक भोजपुर के एकवना गांव में फंस गया। ...और पढ़ें
-1793363939121_m.webp)
सड़क पर गड्ढ़े में फंसा ट्रक। सौ-ग्रामीण
HighLights
गूगल मैप के बताए रास्ते पर गांव में फंसा ट्रक।
फिसलन भरी सड़क पर संतुलन बिगड़ने से गड्ढे में गिरा।
गांव के नाले और चबूतरे क्षतिग्रस्त हुए, रास्ता बाधित।
संवाद सूत्र, बड़हरा (आरा)। गूगल मैप पर आंख मूंदकर भरोसा करना कभी-कभी मुसीबत भी बन सकता है। ऐसा ही एक मामला भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड के एकवना गांव में देखने को मिला।
महाराष्ट्र से गुड़ लेकर छपरा जा रहा एक ट्रक गूगल मैप के बताए रास्ते पर चलते हुए गांव के वार्ड नंबर पांच में पहुंच गया। आगे निकलने की कोशिश में ट्रक ऐसी जगह फंस गया कि उसे निकालने के लिए दूसरे ट्रक को बुलाना पड़ा।
ट्रक पर भारी मात्रा में गुड़ लदा था। पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण गांव की सड़क पर फिसलन थी।
कमजोर सड़क पर भारी वाहन का संतुलन बिगड़ा और वह फिसलकर किनारे बने गड्ढे में फंस गया। इसके बाद गांव की सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। ट्रक को निकालने की कोशिश में ग्रामीणों की परेशानी भी बढ़ गई।
500 मीटर आगे अच्छी सड़क का दिखाया था रास्ता
राजस्थान के अलवर निवासी ट्रक चालक बिल्लू खान ने बताया कि वह महाराष्ट्र से गुड़ लेकर छपरा जा रहा था। गूगल मैप ने उसे गांव के रास्ते से आगे करीब 500 मीटर की दूरी पर अच्छी सड़क होने का रास्ता दिखाया था।
इसी भरोसे वह ट्रक लेकर एकवना गांव में प्रवेश कर गया। लेकिन रास्ते की हालत का अंदाजा नहीं था। कुछ दूर आगे बढ़ने पर भारी ट्रक फिसलकर गड्ढे में फंस गया।
चालक के अनुसार, दूसरी गाड़ी घटनास्थल से करीब 15 किलोमीटर दूर थी। उसे मौके पर बुलाया गया। इसके बाद फंसे ट्रक से गुड़ उतारकर दूसरी गाड़ी पर लोड किया गया। माल खाली होने के बाद ट्रक को रास्ते से हटाया जा सका।ट्रक ने
तोड़ दिए नाले के पाइप और चबूतरे
ग्रामीण कुमार पासवान ने बताया कि ट्रक के गांव में घुसने से कई घरों के नाले के पाइप क्षतिग्रस्त हो गए। घरों के दरवाजे के सामने बने चबूतरे भी टूट गए।
ट्रक के फंसने से ग्रामीणों का रास्ता बाधित हो गया। लोगों को साइकिल और बाइक से आने-जाने में भी काफी परेशानी हुई।