छापेमारी में दो अवैध हथियार व गोली के साथ पांच गिरफ्तार
भोजपुर जिले के अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर दो देसी पिस्तौल व गोली के साथ पांच आरोपितों को धर दबोचा।
आरा। भोजपुर जिले के अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर दो देसी पिस्तौल व गोली के साथ पांच आरोपितों को धर दबोचा। साथ ही झारखंड नंबर की एक संदिग्ध कार को जब्त कर लिया गया। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में जब्त कार चोरी की प्रतीत हो रही है। एसपी हर किशोर राय के अनुसार इस मामले में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। बताया जा रहा है कि अगिआंव बाजार थानाध्यक्ष सुदेह कुमार ने शुक्रवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर खननी कला के समीप छापेमारी कर एक कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में सवार पिता व पुत्र अर्जुन गोड़ व संतोष गोड़ को एक देसी पिस्तौल व तीन गोली के साथ धर दबोचा गया। पुलिस के अनुसार अवैध शराब तस्करी की सूचना पर छापेमारी की गई थी। गिरफ्तार पिता व पुत्र बसेयां गांव के निवासी हैं। दूसरी ओर, इमादपुर थाना के राजपुर गांव में शुक्रवार की रात दो गुटों में झड़प के बाद पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान संजय राम, ढुलमुल कुमार और नीरू पासवान को एक देसी पिस्तौल व छह गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। छापेमारी का नेतृत्व थानाध्यक्ष साजिद हुसैन व एएसआई सदानंद पांडेय कर रहे थे। पुलिस के अनुसार झगड़े के दौरान हथियार चमकाए जाने की सूचना मिली थी। जिसके बाद छापेमारी की गई। गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। इससे पूर्व नारायणपुर में पुलिस ने छापेमारी कर दो अवैध हथियार के साथ दो बदमाशों को पकड़ा था।